मध्यप्रदेशः कांग्रेस सरकार का अहम फ़ैसला, चुनावी कामों के लिए टीचरों की नहीं लगेगी ड्यूटी
चुनावी कामों की वजह से स्कूल के बच्चों की पढ़ाई पर असर पर पड़ता है.
मध्यप्रदेश में कमलनाथ सरकार ने स्कूली बच्चों के भविष्य का ध्यान रखते हुए चुनावों के काम में शिक्षकों की ड्यूटी न लगाने के आदेश दिए हैं.
नवजीवन की ख़बर के अनुसार कांग्रेस सरकार ने एक अहम फ़ैसला लेते हुए आगामी लोकसभा चुनावों में शिक्षकों को ड्यूटी से मुक्त करने के आदेश जारी किए हैं. चुनावी प्रक्रिया में टीचरों की ड्यूटी लगाने से बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ता है. बच्चों का पाठ्यक्रम पूरा नहीं हो पाता है, जिससे स्कूली बच्चों का रिज़ल्ट अच्छा नहीं हो पाता. इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए राज्य शिक्षा केंद्र ने टीचरों को चुनावी ड्यूटी से मुक्त करने का आदेश दिया है.
ज्ञात हो कि भोपाल में लोकसभा चुनाव की तैयारियों में तकरीबन 2 हज़ार से ज़्यादा टीचर लगे हुए हैं, जिसकी वजह से स्कूलों में टीचरों की कमी हो गई. ज़िला शिक्षा अधिकारियों ने कहा कि चुनाव के काम से टीचरों को जल्द मुक्त किया जाएगा. हालांकि अगर चुनावी कामों में कर्मचारियों की कमी हुई तो शिक्षकों की ड्यूची आसपास के केंद्रों पर लगाई जाएगी, जिससे वे बच्चों की पढ़ाई पर भी ध्यान दे सकेंगे.