पूर्वोत्तर में भाजपा को लग सकता है झटका, मुख्यमंत्री संगमा की पार्टी छोड़ सकती है NDA का दामन
कोनराड संगमा ने कहा है कि दुर्भाग्य की बात है कि हमारे पूरजोर विरोध के बावजूद भी लोकसभा में सरकार ने नागरिकता संशोधन विधेयक पास किया.
भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली एनडीए को पूर्वोत्तर में बड़ा झटका लग सकता है. मेघालय के मुख्यमंत्री और नेशनल पीपुल्स पार्टी के नेता कोनराड संगमा ने कहा है कि वे अपनी पार्टी के नेताओं से बात करेंगे कि भाजपा के साथ गठबंधन जारी रखना है या नहीं. लोकसभा में पास हुए नागरिकता संशोधन विधेयक से संगमा नाराज़ हैं.
लोकसभा ने मंगलवार को नागरिकता संशोधन विधेयक पास किया. इसके मुताबिक बांग्लादेश, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और पाकिस्तान से आने वाले अल्पसंख्यकों को नागरिकता दी जाएगी. कई राजनीतिक दलों ने इस विधेयक का विरोध किया था.
नेशनल हेराल्ड के मुताबिक संगमा ने कहा, “यह दुर्भाग्य की बात है कि हमारे पूरजोर विरोध के बावजूद भी सरकार ने इसे लोकसभा में पास कर दिया है.”
कोनराड संगमा नेशनल पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष हैं. उन्होंने कहा है कि मेघालय सरकार की कैबिनेट ने नागरिकता संशोधन के ख़िलाफ़ विधेयक पास किया है. एनडीए गठबंधन पर संगमा ने कहा कि पूर्वोत्तर के पांच राज्यों में हमारी पार्टी की सरकार है. हम अपने नेताओं से बात करके इस पर विचार करेंगे.