May a good source be with you.

पहली बार ट्रांसजेंडर महिला को मिली कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव की कमान

अप्सरा रेड्डी ने कहा कि वे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में काम करने को लेकर उत्साहित हैं.

कांग्रेस ने सराहनीय कदम उठाते हुए ट्रांसजेंडर महिला अप्सरा रेड्डी को अखिल भारतीय महिला कांग्रेस का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया है. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी सांसद सुष्मिता देव की मौज़ूदगी में उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी.

अप्सरा रेड्डी पेशे से पत्रकार रही हैं और उन्होंने बीबीसी, द हिन्दू, न्यू इंडियन एक्सप्रेस और डेक्कन क्रॉनिकल जैसे संस्थानों के साथ काम किया है. हालांकि अप्सरा इससे पहले भी राजनीति से जुड़ी रही हैं. वे भारतीय जनता पार्टी और अन्नाद्रमुक के साथ जुड़ी रही हैं. उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी की नीति दमनकारी रही है और वहां स्वतंत्र सोच रखने वालों के लिए कोई जगह नहीं है. कांग्रेस पार्टी ने सच्चे मायने में देश को बनाया है. कांग्रेस सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है. राहुल गांधी महिला अधिकारों को लेकर दृढ़प्रतिज्ञ हैं, उनके नेतृत्व में काम करने को उत्साहित हूं.”

हाल ही में लोकसभा में पास हुए ट्रांसजेंडर पर्सन बिल पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमें कृपापात्र समझती है. हमें किसी की कृपा की जरूरत नहीं है. लंबे समय तक हमने जो भेदभाव झेला है, उसे मिटाने की जरूरत है. शिक्षा और अवसर की समानता हमें मिलनी चाहिए. राहुल गांधी ने हमें मुख्यधारा में लाने का जो प्रयास किया है, वह बहुत अच्छी शुरुआत है.

अप्सरा रेड्डी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के साथ मिलकर वह देश के महिला अधिकारों और सामाजिक न्याय, महिलाओं के रोज़गार की लड़ाई लड़ेंगी. मैं कांग्रेस पार्टी के साथ काम करने को उत्साहित हूं.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+