“भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना चाहती है भाजपा”..विख्यात लेखिका नयनतारा सहगल ने नसीरुद्दीन शाह का किया समर्थन
नयनतारा सहगल ने कहा कि सदियों से सभी धर्म के लोग एक साथ रहते हैं लेकिन आज सरकार अल्पसंख्यकों का देश का हिस्सा नहीं समझती है.
देश में हिंसा और असहिष्णुता के बयान पर विख्यात लेखिका नयनतारा सहगल ने नसीरुद्दीन शाह का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना चाहती है. शाह का बयान बिल्कुल सही है. वर्तमान समय में मुस्लमानों की हत्याएं करवाई जा रही हैं.
ईनाडु इंडिया की ख़बर के मुताबिक राष्ट्रीय साहित्य पुरस्कार लौटाने वाली नयनतारा सहगल ने कहा कि सरकार भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना चाहती है जो सही नहीं है. उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भारत में सदियों से हिंदू, मुसलिम, सिख और ईसाई कई धर्मों के लोग शांति से रह रहे हैं. लेकिन आज सरकार अल्पसंख्यकों को इस देश का हिस्सा नहीं समझती है. उन्होंने शाह के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि देश में आज मुस्लमान खुद को अपने इस देश में असुरक्षित महसूस करता है.
शाह के समर्थन में उतरी सहगल ने कहा कि पूरा साहित्य समाज नसीरुद्दीन के बयान से सहमत हैं. देश में कई बेकसूर मुसलमानों को मार दिया गया. जिसके लेकर मुस्लिम व्यक्ति अपने परिवार के लिए फिक्र करता है. उन्होंने कहा कि वे सरकार के ऐसे कार्यों के प्रति विरोध जताने के लिए हमेशा लिखती और बोलती रहेंगी.