“देश में जो कुछ हो रहा है वह आपत्तिजनक, इसे रोका जाना चाहिए” नसीरुद्दीन शाह के समर्थन में आए अर्थशास्त्री अमर्त्य सेन
अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने देश में हिंसा पर प्रतिक्रिया व्यक्त की थी.
देश के मौजूदा हालातों पर प्रतिक्रिया देने पर अर्थशास्त्री अमर्त्य सेन ने नसीरुद्दीन शाह का समर्थन करते हुए कहा कि देश में जो कुछ हो रहा है वह आपत्तिजनक है और इसे रोका जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि देश के हालातों पर प्रतिक्रिया देने के लिए नसीरुद्दीन शाह को परेशान करने की कोशिश की जा रही है.
एनडीटीवी की ख़बर के मुताबिक नोबेल पुरस्कार से सम्मानित सेन का मानना है कि देश में हिंसा पर प्रतिक्रिया देने और गैर सरकारी संगठनों पर कथित कार्रवाई के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने की वजह से नसीरुद्दीन शाह को परेशान करने की कोशिश की जा रही है.
दरअसल, बीत शुक्रवार को एक विडियो में नसीरुद्दीन शाह ने कहा था कि जो अधिकारों की मांग कर रहे हैं, उन्हें कैद किया जा रहा है. इसी बयान को लेकर सेन ने कहा कि हमें अभिनेता को परेशान करने की कोशिश के ख़िलाफ़ आवाज उठानी चाहिए.
इसी मुद्दे पर एमनेस्टी इंडिया से बातचीत करते हुए शाह ने कहा था कि हमारे देश का संविधान हमें बोलने, सोचने, किसी भी धर्म को मानने की आजादी देता है. लेकिन अब देश में मजहब के नाम पर नफ़रत की दीवार खड़ी की जा रही है और जो लोग इस अन्याय के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाते हैं उन्हें सजा दी जाती है.