प्रधानमंत्री मोदी को राहुल गांधी ने दी खुली चुनौती: 20 मिनट के लिए आमने सामने बहस करने आ जाइए मोदी जी
प्रेसवार्ता में राहुल गांधी ने एक बार फिर से कहा कि चौकीदार चोर है.
राहुल गांधी ने राफ़ेल सौदे को लेकर बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस प्रेस वार्ता में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को चुनौती देने के अंदाज में कहा कि प्रधानमंत्री 20 मिनट के लिए किसी भी मुद्दे पर आमने-सामने बहस करने के लिए आ जाएं देश की जनता को सच्चाई मालूम चल जाएगी.
राफ़ेल सौदे को लेकर भाजपा नेता के कथित टेप का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि गोवा के स्वास्थ्य मंत्री का कहना है कि मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने दावा किया था कि मेरे पास राफ़ेल सौदे की पूरी जानकारी और फाइलें हैं. उन्होंने कहा कि सवाल यह है कि पर्रिकर जी के बेडरूम में कौन सी फाइलें हैं, जिसका असर मोदी जी पर पड़ सकता है.
राहुल गांधी ने कहा कि जेटली जी पूछते हैं कि कांग्रेस 1600 करोड़ रुपये की बात कहां से आ रही है. लेकिन, जेटली जी खुद अपने भाषण में बताया कि 58 हज़ार करोड़ रुपये की डील की गई है. गणित लगाकर देखा जाए तो एक विमान की कीमत 1600 सौ की आती है.
राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी ने एचएएल को साइड करके डबल ए (अनिल अंबानी) को डील दी है. अनिल अंबानी को दॉसल्ट ने नहीं मोदी जी ने चुना था. हिंदुस्तान के किसानों और युवाओं का साढे तीन लाख करोड़ रुपया चुरा कर अमीरों की जेब में डाल दिया.
राहुल ने कहा कि लोकसभा में प्रधानमंत्री सवालों का जवाब देने नहीं आते हैं और अरुण जेटली जी प्रधानमंत्री का बचाव करते हैं. चर्चा के समय वह सामने नहीं आते हैं. घर चले जाते हैं. देश को सब पता है इसलिए प्रधानमंत्री को बचाने की कोशिश खोखली है. देश के सबलोग जानते हैं कि चौकीदार चोर है.
कांग्रेस अध्यक्ष ने वित्त मंत्री पर आरोप लगाया कि जेटली जी को झूठ बोलने की आदत है. हम जेपीसी जांच की मांग कर रहे हैं. प्रधानमंत्री के इंटरव्यू पर कटाक्ष करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कल इंटरव्यू में कहा कि राफ़ेल मामले में मुझपर कोई आरोप नहीं है, मेरे से कोई सवाल नहीं पूछा जा रहा है, लेकिन उन्हें मालूम होना चाहिए कि देश की जनता सिर्फ और सिर्फ उन्हीं से सवाल पूछ रही है.
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने भाषण में राफ़ेल से जुड़े सवालों के जवाब जरूर दें, देश सुनना चाहता है. अनिल अंबानी ने कभी विमान नहीं बनाया फिर भी उसको कॉन्ट्रैक्ट क्यों दिया. सुप्रीम कोर्ट का फैसला पर राहुल गांधी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने यह नहीं कहा कि राफ़ेल में भ्रष्टाचार नहीं हुआ है या इस पर कार्रवाही नहीं होनी चाहिए. बल्कि कोर्ट ने यह कहा था कि राफ़ेल मामले में जांच के लिए कोर्ट का दायरा काफ़ी सीमित है.