संसद में राफ़ेल पर चर्चा: सांसदों के हंगामे के कारण नहीं पेश हो सकी राफ़ेल सौदे से जुड़ा ऑडियो टेप
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मीडिया रिपोर्टों के हवाले से सदन के सामने ऑडियो सुनाने की मांग की थी.
लोकसभा में राफ़ेल मुद्दे पर चर्चा चल रही है. इस दौरान भारतीय जनता पार्टी विपक्ष से घिरती हुई नज़र आ रही है. राहुल गांधी ने राफ़ेल सौदे में गड़बड़ी के सबूत के तौर पर गोवा के स्वास्थ्य मंत्री का कथित ऑडियो सुनाने की मांग की. लेकिन, भाजपा सांसदों के हंगामे और लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन की आपत्ति के कारण इस ऑडियो टेप को नहीं सुनाया जा सका.
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मीडिया रिपोर्टों के हवाले से सदन के सामने ऑडियो सुनाने की मांग की. लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने नियमों का हवाला देकर इस ऑडियो को सदन के सामने पेश करने से मना कर दिया. इस कथित ऑडियो में कहा जा रहा है कि राफ़ेल सौदे से जुड़ी फ़ाइलें गोवा के मुख्यमंत्री और राफ़ेल सौदे के समय देश के रक्षा मंत्री रहे मनोहर पर्रिकर के घर पर रखी हुई है, जिससे मोदी सरकार मुश्किलों से घिर सकती है.
राफ़ेल विमान सौदे पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद मोदी सरकार की मुश्किलें और भी बढ़ गई हैं. कांग्रेस लगातार इस मामले में जेपीसी जांच की मांग कर रही है. भाजपा ने कहा था कि कांग्रेस इस मुद्दे पर चर्चा करे. अब कांग्रेस चर्चा को तैयार है, तो भाजपा सांसद हंगामा मचा रहे हैं.