May a good source be with you.

अन्ना हजारे बोले- मोदी सरकार से उठ गया है मेरा विश्वास, 30 जनवरी से आमरण अनशन पर बैठूंगा

अन्ना हजारे ने कहा कि केंद्र सरकार को लोकपाल कानून पर अमल करने के लिए 32 बार पत्र लिख चुका हूं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है.

सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे मोदी सरकार के ख़िलाफ़ 30 जनवरी से आमरण अनशन पर बैठने वाले हैं. उनका कहना है कि साढ़े चार साल के कार्यकाल में मोदी सरकार ने लोकपाल और लोकायुक्त कानून पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया है.

अन्ना हजारे ने कहा कि भ्रष्टाचार को रोकने के लिए बने लोकपाल लोकायुक्त कानून पर अमल करने के लिए मोदी सरकार को 32 बार पत्र लिख चुके हैं. लेकिन सरकार की तरफ से कोई जवाब नहीं आया. उन्होंने केंद्र सरकार पर लगातार लोकपाल की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया है.

जनसत्ता की ख़बर के मुताबिक अन्ना हजारे लोकायुक्त कानून लागू करने की मांग को लेकर 30 जनवरी को अपने गांव रालेगण सिद्धी में भूख हड़ताल पर बैठेंगे. अन्ना हजारे ने कुछ दिनों पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी पत्र लिखकर लोकपाल और लोकायुक्त कानून को लागू करने का वादा पूरा न होने की बात याद दिलाई थी.

इससे पहले भी अन्ना हजारे ने मोदी सरकार पर लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया था. उन्होंने एक रिपोर्ट का जिक्र करते हुए बताया कि एशिया में भ्रष्ट देशों की लिस्ट में भारत ऊपर है. उन्होंने कहा कि अब मेरा प्रधानमंत्री मोदी के वादों से विश्वास उठ गया है.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+