योगीराज में आवारा पशुओं से परेशान किसान: अलीगढ़ के बाद अब आगरा के सरकारी स्कूलों में पशुओं को बंद किया गया
किसानों का यह आरोप है कि यह आवारा पशु उनके फसलों को ख़राब कर रहे हैं.
उत्तर प्रदेश के आगरा ज़िले में किसानों ने स्कूल एवं अन्य सरकारी भवनों में आवारा पशुओं खासकर गायों को बंद कर दिया है. किसानों का यह आरोप है कि ये आवारा पशु उनके फसलों को ख़राब कर रहे हैं. पशुओं द्वारा फसल बर्बाद होने पर राज्य के किसानों में खासी नाराज़गी देखी जा रही है.
इंडियन एक्सप्रेस की एक ख़बर के मुताबिक़ अलीगढ़ में किसानों ने फ़सल की बर्बादी को रोकने के लिए आवारा पशुओं को सरकारी भवनों में बंद कर दिया. इसी क्रम में आगरा में भी किसानों ने आवारा पशुओं को स्कूल एवं अन्य भवनों में बंद कर दिया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में सम्बंधित अधिकारियों को आवारा पशुओं के देखभाल की त्वरित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं.
गौरतलब है कि बीते शनिवार को गढ़ी बच्ची के एक स्कूल में गांववालों ने आवारा गायों को बंद कर दिया. एक दिन पहले कुछ पशुओं को अरेला गांव के एक प्राथमिक शाला में बंद कर दिया गया था. इस पूरी घटना में बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा ताकि स्कूल परिसर को बच्चों के लिए खाली की जा सके.
बरौली अहीर ब्लाक के एक किसान रमेश ने कहा, “गाय और बैल बहुत बड़ी समस्या बन चुके हैं. हमारे फसलों को खा रहे हैं और बर्बाद कर रहे हैं.”
स्थानीय लोगों ने बताया कि ज़्यादातर लोगों को अंदाज़ा नहीं होता कि इन पशुओं के साथ क्या किया जाए. इस वजह से वे लोग उन्हें शहरी इलाकों की तरफ भगा देते हैं. अब शहरों में इस वजह से घातक दुर्घटनाएं घट रही हैं.
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक मामले में ज़िला के अधिकारियों से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि नए चारागाह ज़मीन और गौ शालाओं को तैयार करने में समय लगेगा.