नेहरू जैकेट पहनकर कोई जवाहरलाल नेहरू नहीं बन जाता, कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने मोदी पर साधा निशाना
अहमद पटेल ने कहा है कि नेहरू, इंदिरा या राजीव बनने के लिए त्याग करना पड़ता है.
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने विदेश यात्रा और पहनावे को लेकर प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा है कि नेहरू जैकेट पहनकर कोई जवाहरलाल नेहरू नहीं बन जाता, उसके लिए त्याग करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि मोदी ने 2014 में जनता से जो वादे किए थे उन्हें पूरा नहीं किया.
कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने कहा- “आप (नरेन्द्र मोदी) नेहरू जैकेट पहनकर नेहरू (जवाहरलाल नेहरू) नहीं बन सकते. वैसे ही विदेश यात्राएं करके इंदिरा गांधी और कुर्ता पहनकर राजीव गांधी नहीं बना जा सकता. नेहरू, इंदिरा और राजीव बनने के लिए त्याग करना पड़ता है.”
इंडियन एक्सप्रेस की ख़बर के अनुसार अरावली जिले में एनजीओ और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के संयुक्त कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी ने कहा था कि पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब देंगे. पाकिस्तान को लेकर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का मजाक भी उड़ाया था. लेकिन, सत्ता में आने के बाद उन्होंने क्या किया. उन्होंने पाकिस्तान को सबक सिखाया क्या? सभी लोग जानते हैं कि नरेन्द्र मोदी ने अपने शपथग्रहण समारोह में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ को बुलाया था. इसके अलावा नरेन्द्र मोदी बिना बुलाए ही पाकिस्तान में बिरयानी खाने पहुंच गए थे.”
पाकिस्तान पर कांग्रेस का रूख दिखाते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अंतर्राष्ट्रीय दबावों के बावजूद पाकिस्तान के दो टुकड़े कर बांग्लादेश का गठन कराया. तब पाकिस्तान के एक लाख सैनिकों को भारत के सामने आत्मसमर्पण करना पड़ा था. अहमद पटेल ने कहा कि ये सभी बातें इतिहास में दर्ज हैं और इन्हें कोई झुठला या बदल नहीं सकता.