“इंस्पेक्टर सुबोध कुमार ने खुद को गोली मार ली थी, दूसरे लोगों को बेवज़ह फंसाया जा रहा”…बुलंदशहर हिंसा पर भाजपा विधायक के शर्मनाक बोल
इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह के हत्या के आरोप में पुलिस ने प्रशांत नट नामक युवक को गिरफ़्तार किया है.
बुलंदशहर हिंसा में इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की हत्या के आरोप में पुलिस ने तीन हफ़्ते बाद प्रशांत नट नामक एक युवक को गिरफ़्तार किया है. लेकिन भाजपा विधायक देवेंद्र सिहं लोधी ने कहा है कि इंस्पेक्टर सुबोध कुमार ने खुद को गोली मारी थी और उनकी हत्या के आरोप में बेवजह लोगों को फंसाया जा रहा है.
जनसत्ता की रिपोर्ट के अनुसार बुलंदशहर के भाजपा विधायक देवेंद्र लोधी का कहना है कि इंस्पेक्टर सुबोध कुमार ने खुद को गोली मारी थी. जिसकी वजह से उनकी मौत हो गई. लेकिन उनकी हत्या के मामले में बेवजह कुछ लोगों को फंसाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि हिंसा के समय पुलिस के अलावा किसी के पास हथियार नहीं थे. इंस्पेक्टर को एक ही गोली लगी थी.
भाजपा विधायक ने दावा किया कि इंस्पेक्टर सुबोध कुमार भीड़ से घिर गए थे, इसलिए उन्होंने बचाव के लिए अपने कंधे पर गोली मारने की कोशिश की. जो गलती से उनके सिर में लग गई और उनकी मौत हो गई. लोधी ने कहा कि इंस्पेक्टर सुबोध कुमार एनकाउंटर स्पेशलिस्ट थे और पहले भी कई बार अपने हाथ में गोली मार चुके थे.
वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी हिंसा में मारे गए इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की हत्या को दुर्घटना करार दे चुके हैं.
ज्ञात हो कि 3 दिसंबर को बुलंदशहर में गोकशी की अफवाह फैलने के बाद हिंसा भड़क गई थी. जिसमें पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह और 20 वर्षीय सुमित की मौत हो गई. ग़ौरतलब है कि भाजपा विधायक का बयान उस समय सामने आया है जब पुलिस ने घटना के 25 दिन बाद सुबोध कुमार सिंह की हत्या के आरोप में प्रशांत नट को गिरफ़्तार किया है.