May a good source be with you.

हर महीने की 26 को मोदी-राजनाथ के पुतले जलेंगे, वादाख़िलाफ़ी से नाराज़ झांसी के लोग का अनूठा प्रदर्शन

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार ने बुंदलेखंड राज्य बनाने का वादा किया था. जो अब तक पूरा नहीं हुआ.

उत्तरप्रदेश के झांसी में प्रधानमंत्री मोदी की वादाख़िलाफ़ी से नाराज़ लोग अब अलग तरीके से प्रदर्शन करेंगे. बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के बैनर तले हर महीने की 26 तारीख को प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री उमा भारती का पुतला जलाया जाएगा.
ईनाडु इंडिया की ख़बर के अनुसार प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि लोकसभा चुनावों के दौरान झांसी में जनसभा करने आए प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह और स्थानीय सांसद व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने बुंदेलखंड राज्य का गठन करने का वादा किया था. लेकिन साढ़े चार साल का समय बीतने के बाद भी सरकार ने अपना वादा पूरा नहीं किया. इसलिए सरकार को इस वादे की याद दिलाने के लिए लोग सड़कों पर उतरे हैं.
प्रदर्शन कर रहे लोगों की पुलिस के साथ झड़प भी हुई. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के हाथ से नेताओं का पुतला छीन लिया. इस बात से नाराज़ प्रदर्शनकारी कचहरी चौराहे पर ही बैठ गए और सरकार के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी करने लगे.
बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष भानू सहाय का कहना है कि बुंदेलखंड राज्य गठन का वादा करने वाले नेताओं ने उनके साथ वादाखिलाफ़ी की है. इसलिए अब हर महीने की 26 तारीख को उन नेताओं के पुतले जलाए जाएंगे, जिन्होंने अलग राज्य के गठन का वादा किया था. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इस आंदोलन को और तेज़ किया जाएगा.
You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+