दिल्लीः हेलमेट फैक्ट्री में लगी आग, 1 मजदूर की मौत
दमकल की 13 गाड़ियों ने देर रात 12 बजकर 10 मिनट में आग पर काबू पाया.
राष्ट्रीय राजधानी के उत्तर पश्चिम इलाके में स्थित स्वरूप नगर में हेलमेट बनाने की एक फैक्ट्री में आग लगने से 24 वर्षीय एक मजदूर की मौत हो गयी और एक अन्य घायल हो गया. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी.
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के निवासी देवेंद्र के रूप में हुयी है. यह हादसा मंगलवार को हुआ. दिल्ली दमकल सेवा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आग संबंधी फोन रात में 9 बजकर 25 मिनट पर आया और 13 दमकल गाड़ियों को घटनास्थल की तरफ रवाना किया गया. आग पर देर रात 12 बजकर 10 मिनट तक काबू पा लिया गया.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ितों को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया जहां देवेंद्र को मृत घोषित कर दिया गया. घायल व्यक्ति की पहचान जीतेंद्र (34) के रूप में की गयी है जो 20 फीसदी जला है. पुलिस उपायुक्त (उत्तर पश्चिम) असलम खान ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और इसकी जांच की जा रही है.
अधिकारी ने बताया कि फैक्टरी किराये के परिसर में संचालित हो रही थी. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. आग लगने के सही कारण का अभी तक पता नहीं चला है.