मोदी-शाह से नाराज़ चल रहे केंद्रीय मंत्री गडकरी ने की पंडित नेहरू की तारीफ, कहा- मुझे पसंद है नेहरू जी का भाषण
पांच विधानसभा चुनावों में भाजपा की करारी हार के बाद नितिन गडकरी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से अपना विरोध जता चुके हैं.
नरेन्द्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व से नाराज़ चल रहे केंद्र सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की तारीफ की है. गडकरी ने कहा है कि उन्हें पंडित नेहरू के भाषण बहुत पसंद हैं. नितिन गडकरी पांच राज्यों कीप विधानसभा चुनाव में भाजपा की करारी हार के बाद पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति अपना विरोध जता चुके हैं.
जनसत्ता की रिपोर्ट के अनुसार नितिन गडकरी ने अपने भाषण में कहा कि समाज में लोग बोलते हैं कि देश में ऐसा हो रहा है, वैसा हो रहा है. उन्होंने सवाल किया कि देश का मतलब क्या है- एक समाज, और समाज का मतलब है अनेक व्यक्ति. सिस्टम को सुधारने के लिए दूसरे की तरफ उंगली क्यों करें, अपनी तरफ क्यों नहीं करते. गडकरी ने पंडित नेहरू के भाषण की तारीफ करते हुए कहा कि भारत एक राष्ट्र नहीं है, यह एक जनसंख्या है. दूसरी बात नेहरू जी करते थे कि देश का हर एक व्यक्ति प्रश्न है, समस्या है. गडकरी ने कहा मुझे उनके यह भाषण मुझे बहुत पसंद है.
नितिन गडकरी ने आगे कहा कि मैं इतना तो कर सकता हूं कि मैं देश के सामने समस्या नहीं रखूंगा. अगर सब लोगों ने यह तय किया मैं समस्या नहीं रहूंगा तो, भी आधे प्रश्न सुलझाए जाएंगे. दूसरी बात यह है कि मैं दूसरे के साथ अन्याय नहीं करुंगा.
गडकरी ने कहा कि सहिष्णुता भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण अंग है जिसने कई देशों से पलायन करके आए लोगों को अपने यहां आसरा दिया है. आईबी के कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि एकता और विविधता भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है और सामाजिक-आर्थिक बदलाव के लिए राजनीति एक माध्यम है. ग़ौरतलब है कि गडकरी यह बयान तब सामने आया है जब नसीरुद्दीन शाह का बयान आने के बाद देश में असहिष्णुता का मुद्दा एक बार फिर गर्माया हुआ है.