नसीरुद्दीन शाह के समर्थन में उतरे राज्यसभा के पूर्व सांसद प्रीतीश नंदी, कहा- यह अनगिनत देशभक्त भारतीयों की आवाज़ है
नंदी ने ट्वीट कर कहा कि यह हमारा भारत है और हम इसे नष्ट नहीं होने देंगे.
फिल्म निर्माता और पूर्व राज्यसभा सांसद प्रीतीश नंदी ने अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के बयान का समर्थन किया है. उन्होंने कहा है कि शाह की बात को लेकर मैं इस तरह की नाराजगी को समझ नहीं पा रहा हूं और अनगिनत देशभक्त भारतीय एक ही बात दोहरा रहे हैं.
उन्होंने ट्वीट कर कहा कि नसीरुद्दीन शाह ने जो कुछ कहा है उसके लिए मैं इस नाराज़गी को समझ नहीं पा रहा हूं. अनगिनत देशभक्त भारतीय एक ही बात कह रहे हैं. हमें भक्तों से भयभीत नहीं किया जाएगा. यह हमारा भारत है और हम इसे नष्ट नहीं होने देंगे.
I don’t understand this outrage over what Naseeruddin Shah has said. There are countless patriotic Indians saying the same thing. We will not be intimidated by the bhakts. This is our India and we will not allow it to be destroyed.
— Pritish Nandy (@PritishNandy) December 24, 2018
ग़ौरतलब है कि कुछ दिनों पहले अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने बुलंदशहर में भड़की हिंसा पर बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि एक पुलिस अधिकारी की मौत से ज्यादा गाय की मौत को अधिक महत्व दिया जा रहा है. मुझे अपने बच्चों की फिक्र होती है. शाह के इस बयान के बाद कई हिंदूवादी संगठनों ने उनके ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया. जिसके कारण अजमेर लिटरेचर फेस्टिवल के आयोजकों ने शाह के कार्यक्रमों को रद्द कर दिया था.
इससे पहले अभिनेता आशुतोष राणा ने भी शाह का समर्थन किया था. उन्होंने कहा था कि हर किसी को अपने विचार साझा करने का अधिकार है. अगर कोई देश में अपने मन की बात कहता है तो क्या उसका सामाजिक ट्रायल करना ज़ायज़ है? राणा ने कहा था कि हमें उनकी बात गंभीरता से सुननी चाहिए.