देश में सबको बोलने का अधिकार, शाह के बयान पर हंगामे की जरूरत नहीं: आशुतोष राणा
नसीरुद्दीन शाह के बयान के बाद हो रहे हंगामे को लेकर राणा उनके समर्थन में आगे आए हैं.
बॉलीवुड अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के एक बयान के बाद हिन्दुत्ववादी तत्वों द्वारा किये जा रहे हंगामे को लेकर बॉलीवुड के ही एक और अभिनेता आशुतोष राणा सामने आए हैं. राणा ने कहा कि लोगों के पास हक़ है कि वो अपने मन की बात इस आज़ाद देश में कर सकते हैं और ऐसे मामलों में ‘सोशल ट्रायल’ करने की कोई ज़रुरत नहीं है.
राणा ने कहा, “सभी को अपने विचार साझा करने का हक़ है. अगर कोई अपने मन की बात करता है तो क्या इसका मतलब यह है कि उनका ‘सोशल ट्रायल’ किया जाएगा? बल्कि हमें उनकी बातों को गंभीरता से सुननी चाहिए.”
उन्होंने पूछा, “अगर कोई अपने मन की बात कर रहा है और इसे लेकर बहस है तो क्या यह देश की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाएगा?
गौरतलब है कि अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने बीते शुक्रवार को कहा था कि कई जगहों पर एक पुलिसकर्मी के मौत से ज़्यादा एहमियत एक गाय के मरने को दी जा रही है. इस दौरान उन्होंने अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई थी.
पीटीआई इनपुट्स पर आधारित