भ्रष्ट हैं रिज़र्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास, सरकार के इस फ़ैसले से हैरानी हुई: सुब्रह्मण्यम स्वामी
सुब्रह्मण्यम स्वामी ने कहा है कि भ्रष्टाचार के आरोप के कारण उन्होंने शक्तिकांत दास को वित्त मंत्रालय से बाहर कर दिया था.
“भारतीय रिज़र्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास भ्रष्टाचारी हैं.” यह कहना है भाजपा सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी का. उन्होंने कहा है कि मैंने उन्हें वित्त मंत्रालय से हटवा दिया था अब हैरानी है कि कैसे सरकार ने उन्हें आरबीआई का गवर्नर बना दिया है.
सुब्रह्मण्यम स्वामी इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस के एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने कहा, “आरबीआई के गवर्नर भ्रष्ट हैं. मैंने उन्हें हटवा दिया था. मैं शक्तिकांत दास को भ्रष्ट व्यक्ति मानता हूं. मुझे हैरानी है कि जिस व्यक्ति को मैंने भ्रष्टाचार में लिप्त होने के कारण वित्त मंत्रालय से हटवा दिया था, उसे कैसे आरबीआई का गवर्नर बना दिया गया.”
कार्यक्रम में भाजपा सांसद से पूछा गया कि उनके हिसाब से किसे आरबीआई का गवर्नर बनाया जाना चाहिए था. इस पर उनका जवाब था कि भारतीय प्रबंधन संस्थान के प्रोफेसर को यह जिम्मेदारी दी जा सकती थी, क्योंकि वे संघ के पुरानी व्यक्ति हैं.
ग़ौरतलब है कि उर्जित पटेल द्वारा आरबीआई गवर्नर पद से इस्तीफ़ा दिए जाने के बाद शक्तिकांत दास को यह पद सौंपा गया था. शक्तिकांत दास 1980 बैच के आईएएस अधिकारी हैं. वे वित्त सचिव और वित्त आयोग के सदस्य की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. शक्तिकांत दास को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का करीबी माना जाता है.
पीटीआई इनपुट्स पर आधारित