May a good source be with you.

बिहार में गाजर-मूली की तरह काटे जा रहे हैं इंसान, तेजस्वी ने बोला- पुलिस थानों की नीलामी कर चुके हैं नीतीश कुमार

प्रदेश में हर रोज औसतन 7 लोगों की हत्या की जा रही है.

बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसा है. तेजस्वी ने कहा है कि नीतीश जी ने राजधर्म को गिरवी रखकर अपराधियों के हाथों पुलिस थाने की नीलामी कर दी है.

राज्य में अपराध के मामले में नीतीश कुमार को घेरते हुए तेजस्वी ने ट्वीटर पर लिखा- नीतीश जी, आख़िर कब तक बिहार के व्यापारी, किसान और नौजवान अपराधियों की गोलियों का शिकार होते रहेंगे? आपके शराबबंदी और बालूबंदी के हैंगओवर ने बिहार को बर्बाद कर दिया है. राजधर्म गिरवी रख आपने थानों की नीलामी कर प्रशासन का इक़बाल और ईमान भी बेच दिया है.

मुजफ़्फरपुर में एक व्यापारी की गोली मार कर हत्या करने के मामले में तेजस्वी ने कहा कि राज्य में लोग गाजर-मूली की तरह काटे जा रहे हैं. मुख्यमंत्री ने थानों में बोली लगा दी है. तेजस्वी ने कहा है कि प्रदेश में जातीय आधार पर धड़ल्ले से पोस्टिंग की जा रही है. तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार चुनाव में सीट शेयरिंग को लेकर व्यस्त हैं, उनकी पूरी सरकार निर्लज्ज हो चुकी है.

तेजस्वी यादव ने ट्वीट किया “पटना और मुज़फ़्फ़रपुर में कारोबारियों की हत्या के बाद आज फिर दरभंगा, गया, बेगुसराय और गोपालगंज में व्यवसायियों की गोली मारकर निर्मम हत्या। नीतीश जी, आपके पास सीट शेयरिंग के अलावा कुछ काम बचा है कि नहीं?? अब क्या कहे, किससे कहे, कैसे कहे? पूरी सरकार निर्लज्ज हो चुकी है।”

ग़ौरतलब है कि इन दिनों बिहार में अपराधों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिली है. न्यूज़18 के मुताबिक प्रदेश में हर रोज औसतन 7 लोगों की हत्या की जा रही है.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+