भाजपा के लिए मुश्किल है 2019 की राह, हो सकता है 103 सीटों का भारी नुकसान, अमेरिकी रिपोर्ट का दावा
अमेरिका के “बुकिंग इन्स्टीट्यूशंस” की रिपोर्ट के मुताबिक भाजपा और उसके गठबंधन को 2019 में बहुमत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है.
भारतीय जनता पार्टी के लिए 2019 लोकसभा चुनाव की राह आसान नहीं है. इस चुनाव में पार्टी को भारी नुकसान हो सकता है. अमेरिका के “बुकिंग इन्स्टीट्यूशंस” ने अपने अध्ययन किया है कि इस चुनाव में भाजपा को 103 सीटों का नुकसान हो सकता है.
अमेरिकी थिंक टैंक बुकिंग इन्स्टीट्यूशंस ने पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के वोटिंग पैटर्न और भाजपा को मिले वोटों के आधार पर यह रिपोर्ट तैयार की है. जनसत्ता के मुताबिक इस रिपोर्ट में कहा गया है कि 2014 में 282 सीटें पाने वाली भाजपा इस बार 179 सीटों पर सिमट सकती है. वहीं भाजपा के सहयोगी दलों को भी लगभग 7 सीटों का नुकसान होने की बात इस रिपोर्ट में कही गई है. अनुमान है कि भाजपा के सहयोगी दल 28 सीटों पर सिमट सकते हैं.
वहीं रिपोर्ट ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के लिए राहत देने वाली बात कही है. कहा गया है कि कांग्रेस को 2019 में 63 सीटों का फ़ायदा मिल सकता है. 2014 में कांग्रेस को सिर्फ 44 सीटें ही मिली थी. कांग्रेस के सहयोगी दलों को 56 सीटों का फ़ायदा होने की बात कही गई है.
बता दें कि लोकसभा में बहुमत के लिए 272 सीटों की जरूरत होती है. इस अमेरिकी रिपोर्ट की मानें तो 2019 में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए को बहुमत मिलने की उम्मीद नहीं है.