May a good source be with you.

उत्तर प्रदेशः मुख्यमंत्री के कामकाज से खुश नहीं हैं लोग, 3 महीनों में 5 प्रतिशत लुढ़की लोकप्रियता

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की लोकप्रियता में आया उछाल, 37 फीसदी पहुंची लोकप्रियता

पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों में करारी हार के बाद उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को लोकप्रियता के मामले में बड़ा झटका लगा है. प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी की लोकप्रियता में 5 प्रतिशत की गिरवाट आई है.

जनसत्ता की ख़बर के अनुसार इन दिनों उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के ख़िलाफ़ जनता में अंसतोष बढ़ गया है, जिसका नतीज़ा यह हुआ कि केवल तीन महीनों में ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की लोकप्रियता में पांच प्रतिशत की गिरावट आई है.

एक्सिस माई इंडिया और इंडिया टुडे के पॉलिटिकल स्टॉक एक्सचेंज डेटा के मुताबिक 35 फीसदी लोगों ने योगी के कामकाज पर असंतोष जताया है. सितंबर 2018 के सर्वे में मुख्यमंत्री योगी 43 प्रतिशत लोगों की पसंद थे, लेकिन 3 महीनों में ही उनकी लोकप्रियता 38 प्रतिशत पर लुढ़क गई. वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की लोकप्रियता में एक बार फिर उछाल आया है. तीन महीने पहले 29 प्रतिशत लोगों ने उन्हें सीएम के तौर पर पंसद किया था. लेकिन अब अखिलेश यादव की लोकप्रियता में 8 फीसदी उछाल के साथ 37 प्रतिशत पर पहुंच गई है.

ग़ौरतलब है कि वर्तमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की लोकप्रियता में मात्र एक फीसदी का अंतर है. सर्वे के अनुसार 35 फीसदी लोगों का कहना है कि वे लोग मुख्यमंत्री योगी के काम से खुश नहीं हैं. वहीं 32 फीसदी लोगों ने प्रदेश में बेरोज़गारी को एक बड़ा मुद्दा बताया है. 17 फीसदी लोगों का मानना है कि किसानों को खेतीबाड़ी का संकट है और 21 फीसदी लोगों ने प्रदेश में महंगाई को समस्या बताया है. इसके अलावा 9 फीसदी लोगों का कहना है कि हिंदू-मुस्लिम के बीच टकराव बड़ी समस्या बन गई है.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+