फ़ेक न्यूज़ रोकने के लिए WhatsApp की शानदार पहल, इन विडियोज़ को देखिए और समाज के लिए अपनी जवाबदेही निभाइए
हमें व्हाट्सऐप पर कोई भी मैसेज़ धड़ल्ले से भेजने के पहले इन विडियोज़ को देखना चाहिए और गीता, काव्या और रजत से कुछ सीखना चाहिए.
फ़ेक न्यूज़ के ख़िलाफ़ सोशल मैसेजिंग प्लेटफ़ॉर्म व्हाट्सऐप ने नई मुहिम शुरू की है. अब व्हाट्सऐप अपनी तरफ़ से विडियोज़ बनाकर लोगों को जागरूक करने और फ़ेक न्यूज़ से सतर्क रहने के लिए आगाह करता है. इसके लिए व्हाट्सऐप ने कई विडियोज़ बनाए हैं. हम आपको बताते हैं कि इन विडियोज़ में व्हाट्सऐप ने क्या संदेश दिए हैं.
गीता की कहानी
व्हाट्सऐप द्वारा बनाए गए इस विडियो में गीता को खाना बनाने का शौक है. वह अपने नए नए रेसिपीज़ को दोस्तों और परिवार वालों को साथ साझा भी करती है. इसके बदले उसे तारीफ़ और बधाईयां मिला करती हैं. लेकिन, एक दिन अचानक व्हाट्सऐप पर किसी ने उसे एक मैसेज़ फॉरवर्ड किया और आगे भेजने के लिए कहा. हालांकि यह मैसेज़ फ़ेक था और इससे समाज को नुकसान पहुंच सकता था और लोगों को ख़तरा हो सकता है. इसलिए गीता ने उस मैसेज़ को भेजने वाले शख़्स को ब्लॉक ही कर दिया. व्हाट्सऐप की अपील है कि हमें भी गीता की तरह बनना चाहिए और फ़ेक न्यूज़ को फैलने से रोकना चाहिए.
घर से दूर रहने वाली काव्या की कहानी
काव्या अपने घर से दूर किसी दूसरे शहर में रहती है, लेकिन व्हाट्सऐप के जरिए वह परिवार के सभी लोगों से हमेशा जुड़ी रहती है. परिवार के व्हाट्सऐप ग्रुप में वह सबकी ख़बर लेती रहती है. लेकिन, एक दिन उसके फूफ़ाजी ने एक वायरल मैसेज़ को फ़ॉर्वर्ड किया और आगे भेजने को कहा. काव्या ने तुरंत ही फूफ़ाजी को फ़ोन लगाया और आगे से इस तरह के मैसेज़ेज नहीं भेजने की सलाह दी. काव्या के फूफाज़ी को इस बात का एहसास हो गया. व्हाट्सऐप की अपील है कि हमें भी अपने स्तर से फ़ेक न्यूज़ के ख़िलाफ़ मज़बूती से खड़ा होना चाहिए.
क्लास मॉनिटर रजत की कहानी
रजत बीएससी का स्टूडेंट है. उसने क्लास का एक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया है, जिसमें क्लास की सारी गतिविधियां जैसे सरप्राइज टेस्ट, टाइम टेबल में परिवर्तन, और मस्ती जैसी चीज़ें शेयर की जाती है. रजत कभी भी यह नहीं जताता कि वह मॉनिटर या ग्रुप का एडमिन है. लेकिन, एक दिन उसके दोस्त ध्रुव ने ग्रुप में कोई वायरल मैसेज़ भेजा. इसके बाद रजत ने ध्रुव से बात की और पूछा कि क्या उसे मालूम है कि यह मैसेज़ सच है या झूठ. रजत ने ध्रुव को समझाया कि ऐसे मैसेज़ेज भेजने से कहीं दंगा भड़क सकता है या समाज़ को नुकसान पहुंच सकता है. इसलिए आगे से ऐसे मैसेज़ ग्रुप में ना भेजे. ध्रुव भी रजत की बात मान लेता है. व्हाट्सऐप हमसे अपील करता है कि हम भी ऐसे फ़ेक मैसेज़ेज के ख़िलाफ़ जागरूक हों और अपने दोस्तों को जागरूक करें.
हमें व्हाट्सऐप पर कोई भी मैसेज़ धड़ल्ले से भेजने के पहले इन विडियोज़ को देखना चाहिए और गीता, काव्या और रजत से कुछ सीखना चाहिए.