चुनाव हारने के 24 घण्टे के भीतर “शिवराज” ने नहीं छोड़ा सरकारी बंगला, अफ़वाह फैला रहे “भक्त”
ऑल्ट न्यूज़ की पड़ताल
शिवराज सिंह चौहान ने बंगला छोड़ने में 24 घंटे भी नहीं लगाए, स्टाफ़ से लेकर माली तक का व्यक्तिगत रूप से शुक्रिया अदा किया, मुख्यमंत्री निवास जैसा मिला था उससे बेहतर छोड़ कर गए. बाथरूम की टोटी क्या बाग़ से एक फूल भी नहीं तोड़ा..पद से थोड़े नीचे ज़रूर आए..पर क़द से बहुत ऊपर उठ गए।
उपर्युक्त संदेश मध्यप्रदेश के हालिया विधानसभा चुनाव के फैसले के बाद, भाजपा समर्थक सोशल मीडिया यूजर्स ने प्रसारित किए हैं। इसमें दावा किया गया है कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुनाव में भाजपा की हार के बाद अत्यंत मर्यादा और विनम्रता के साथ खुद ही अपना आधिकारिक निवास खाली कर दिया है।
https://twitter.com/bhaiyyajispeaks/status/1073580868353056768
ट्विटर यूजर @bhaiyyajispeaks के उपरोक्त ट्वीट को जबरदस्त रूप से 11,000 बार रीट्वीट किया गया है। इस ट्वीट का संदेश बाथरूम में नल के बरकरार रहने के बारे में बात करते हुए अप्रत्यक्ष रूप से उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को संदर्भित करता है, जिन्होंने खबरों के अनुसार, अपने आधिकारिक निवास को खाली करने से पहले बाथरूम से नल और टाइलें हटवा ली थीं। ट्विटर यूजर जितेन्द्र प्रताप सिंह, जिन्हें पीएम नरेंद्र मोदी फॉलो करते हैं, ने भी इस संदेश को पोस्ट किया है।

फेसबुक पर, यह संदेश इंडिया विथ मोदी पेज द्वारा शेयर किया गया है। एक और पेज, मोदी सेना द्वारा भी इसे पोस्ट किया गया है। फेसबुक पर इस संदेश के साथ एक तस्वीर है, जिसमें चौहान को एक दोपहिया पर अपनी पत्नी के साथ देखा जा सकता है, जो बंगला खाली करने के दौरान उनकी सादगी का संकेत करता है।

कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इस संदेश को अपनी टाइमलाइन पर पोस्ट किया है। सभी मामलों में, संदेश एक ही है, जो सुझाव देता है कि यह व्हाट्सएप पर भी प्रसारित है।
नकली समाचार वेबसाइट दैनिक भारत द्वारा, चुनाव परिणाम घोषित होने के तीन दिन बाद 14 दिसंबर को, इसे एक रिपोर्ट के रूप में भी प्रकाशित किया गया था।

आधिकारिक निवास अभी खाली नहीं हुआ है
सोशल मीडिया में प्रसारित दावा गलत है। शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में आवंटित बंगले को अभी तक खाली नहीं किया है। न्यूज़18 हिंदी (News18 Hindi) की 14 दिसंबर की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि अपनी पार्टी की हार के बाद चौहान नए निवास के लिए जाने को तैयार हैं।

उनके बंगले को खाली करने की अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं है। लल्लनटॉप (Lallantop) ने भी बताया है कि निवास को खाली करने की प्रक्रिया अभी चल रही है। दैनिक भास्कर ने भी खबर की है कि सोशल मीडिया का यह दावा झूठा है।
ऑल्ट न्यूज़ ने दोपहिया पर बैठे चौहान की तस्वीर को रिवर्स सर्च किया, लेकिन कोई परिणाम नहीं मिला। आगे और खोजबीन करने पर, हम मध्यप्रदेश कांग्रेस के एक नेता के जून 2018 के एक ट्वीट तक पहुंचे। इसमें भी दोपहिया पर बैठे शिवराज सिंह चौहान की एक तस्वीर थी। हालाँकि दोनों तस्वीरें अलग है लेकिन दोनों तस्वीरों में दोपहिया वाहन एक ही है। तस्वीर का उपयोग विधानसभा चुनाव से पहले चौहान का मजाक उड़ाते हुए किया गया था। इस प्रकार, यह कोई हाल की तस्वीर नहीं है।
https://twitter.com/Jahidqureshi6/status/1003942853297369088
हमने मध्य प्रदेश परिवहन विभाग की वेबसाइट पर वाहन की पंजीकरण संख्या को भी देखा। यह शिवराज सिंह चौहान के आधिकारिक निवास के पते के साथ पंजीकृत है।
