May a good source be with you.

एनडीए छोड़ संप्रग में शामिल हुए उपेन्द्र कुशवाहा, कहा- ‘देश और संविधान बचाने’ के लिए एकजुट हुए हैं

उपेंद्र कुशवाहा ने हाल ही में मोदी सरकार से इस्तीफ़ा दिया था और अपनी पार्टी राजग से अगल होने की घोषणा की थी.

केंद्र एवं बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से अलग होने के बाद राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) बृहस्पतिवार को औपचारिक रूप से संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) का हिस्सा बन गयी.

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी का संप्रग में स्वागत करते हुए संवाददाताओं से कहा, ‘‘बिहार में पहले से गठबंधन था और आज उसमें उपेंद्र कुशवाहा जी शामिल हुए हैं.  हम उनका स्वागत करते हैं।’’ कांग्रेस के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने कहा, ‘‘बिहार और देश की चिंता करते हुए कुशवाहा जी ने राजग से नाता तोड़ा और आज हमारे साथ जुड़ रहे हैं.  उन्होंने बिहार और पिछड़े एवं अति पिछड़े वर्ग के लोगों के हित में यह फैसला किया है.

हम अपने परिवार में तहेदिल से उनका स्वागत करते हैं.’’ इस मौके पर पटेल, गोहिल, लोकतांत्रिक जनता दल (लोजद) नेता शरद यादव, राजद नेता तेजस्वी यादव और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी मौजूद थे.  राजद नेता तेजस्वी यादव ने कुशवाहा को बधाई देते हुए कहा कि सभी दल ‘देश और संविधान बचाने’ के लिए एकजुट हुए हैं.

रालोसपा प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुशवाहा ने हाल ही में नरेंद्र मोदी सरकार से इस्तीफा दिया था और अपनी पार्टी के राजग से अलग होने की घोषणा की थी. राजग से अलग होने के बाद से ही इसकी संभावना व्यक्त की जा रही थी कि कुशवाहा बिहार में आगामी लोकसभा चुनाव कांग्रेस, राजद तथा जीतनराम मांझी की पार्टी ‘हम’ के साथ मिलकर लड़ सकते हैं. कुछ दिनों पहले ही कुशवाहा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल से मुलाकात की थी.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+