भाजपा विधायक की बदतमीजी: महिला SDM को खुलेआम धमकाया, देखें विडियो
एसडीएम गरिमा सिंह ने भाजपा विधायक पर आरोप लगाया कि विधायक ने किसानों को गुमराह कर उनके ख़िलाफ़ हंगामा करवाया है.
इन दिनों सोशल मीडिया पर एक विडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल विडियो में भाजपा विधायक उदयभान सिंह महिला एसडीएम को धमकी देते हुए नजर आ रहे हैं. भाजपा विधायक भारी भीड़ के बीच एसडीएम गरिमा सिंह को कह रहे हैं, “मेरी ताकत का अहसास नहीं है. जानती नहीं मैं विधायक हूं. लोकतंत्र की ताकत का अहसास नहीं है. आप मुझसे हेकड़ी में बात करेंगी.”
इस प्रकार के शब्दों का प्रयोग करते हुए भाजपा विधयाक उदयभान सिंह अपनी ताकत का प्रदर्शन कर रहे हैं. विधायक की धमकी से सहमी एसडीएम चुपचाप भीड़ के बीच खड़ी नज़र आती हैं. विधायक की बातों का भीड़ पर कुछ ऐसा असर हुआ कि वहां मौजूद लोगों ने एसडीएम के ख़िलाफ़ मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए.
BJP MLA Uday Bhan Singh threatening Agra's Kirawali SDM Garima Singh in full public view. MLA can be heard saying: "Meri Taqat ka ehsaas nhi" He also incited the mob which started sloganeering against SDM Singh.https://t.co/Nwc3Rxi4TT
— Piyush Rai (@Benarasiyaa) December 17, 2018
लाइव हिंदुस्तान की ख़बर के मुताबिक यह पूरा मामला आगरा के किरावली तहसील क्षेत्र का है. जहां ओलों की मार पड़ने से बर्बाद हुई फसल का मुआवजा न मिलने की वजह से किसान तहसील किरावली का घेराव करने पहुंचे थे. शोर सुनकर एसडीएम गरिमा सिंह कार्यालय से बाहर आईं और किसानों को समझाने का प्रयास करने लगीं. विडियो में वह लोगों से कह रही हैं, “मेरे समझाने के बाद भी आप लोग मान नहीं रहे हैं. बैंक खाता संख्या मिलने पर आपको मुआवज़ा मिल जाएगा. लेकिन, आप लोग मान नहीं रहे हो. हंगामा कर रहे हैं.” एसडीएम की बात सुनकर विधायक उदयभान सिंह भड़क गए. सत्ताधारी विधायक अपनी ताकत का खुलेआम प्रदर्शन करने लगे और महिला अधिकारी के साथ विधायक का अभद्र व्यवहार करने का यह विडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
ज्ञात हो कि 11 अप्रैल 2018 को ओला गिरने से किरावली तहसील क्षेत्र में गेहूं की हज़ारों बीघा फसल बुरी तरह बर्बाद हो गई थी. सरकार की ओर से 33 करोड़ रुपये की राशि किसानों को मुआवजे के तौर पर बांटने के लिए भेजी गई थी. इसमें से तहसील प्रशासन ने 27.3 करोड़ की मुआवजा राशि किसानों को बांटी दी है. लेकिन, अभी कुछ किसानों को मुआवजा मिलना बाकी है. इसी बात को लेकर किसान प्रदर्शन करने तहसील पहुंचे थे.
इस पूरे मामले पर एसडीएम गरिमा सिंह ने भाजपा विधायक पर आरोप लगाते हुए कहा कि विधायक उदयभान सिंह और कुछ भाजपा नेता किसानों को गुमराह करके तहसील तक लाए थे. किसानों को कहा गया था कि तहसील में मुआवजे के चेक बांटे जा रहे हैं. मेरे ख़िलाफ़ सुनियोजित तरीके से किसानों द्वारा हंगामा करवाया गया. जिन किसानों को मुआवज़ा नहीं मिला है, उनसे बैंक खाता संख्या मांगा गया है. जल्द से जल्द सबको मुआवज़ा दे दिया जाएगा.
गौरतलब है कि भाजपा विधायक उदयभान सिंह हमेशा ही सुर्खियों में बने रहते हैं. कुछ समय पहले ही उनके नाती पर दिल्ली की महिला के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया था. लेकिन सत्ता के दबाव में इस मामले में किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई.