छत्तीसगढ़ः कांग्रेस ने निभाया वादा, किसानों का लोन माफ़, फ़सलों के भी मिलेंगे उचित दाम
अपने फ़ैसले में सरकार ने कहा है कि किसानों का 6100 करोड़ रुपये का लोन माफ़ कर दिया गया है.
छत्तीसगढ़ की कमान संभालते ही कांग्रेस पार्टी ने राज्य के किसानों का लोन माफ़ कर दिया है. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शपथग्रहण के कुछ घंटे बाद ही कैबिनेट की बैठक में यह फ़ैसला लिया.
अपने फ़ैसले में सरकार ने कहा है कि किसानों का 6100 करोड़ रुपये का लोन माफ़ कर दिया गया है. इसके साथ ही अब सरकार ने धान को 2500 रुपये प्रति क्विंटल के दाम पर खरीदने का निर्णय लिया है. मुख्यमंत्री ने झीरम घाटी हमले में शहीद हुए लोगों के परिवारों को न्याय दिलाने के लिए एसआईटी का गठन करने की बात भी कही है.
बघेल ने ट्विटर पर लिखा है, “पहली कैबिनेट मीटिंग के तीन बड़े फैसले- 1. 16 लाख 65 हज़ार से ज्यादा किसानों का 6100 करोड़ रुपये का कर्जा माफ, 2. धान का समर्थन मूल्य 2500 रुपये प्रति क्विंटल किया गया और 3. झीरम हमले में शहीदों को न्याय दिलाने के लिए एसआईटी का किया गठन.
पहली कैबिनेट मीटिंग के तीन बड़े फैसले –
1. 16 लाख 65 हजार से अधिक किसानों का 6100 करोड़ रूपये का कर्जा माफ.
2. धान का समर्थन मूल्य 2500 रूपये प्रति क्विंटल किया गया.
3. झीरम हमले के शहीदों को न्याय दिलाने के लिए SIT का किया गठन.गढ़बो नवा छत्तीसगढ़
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) December 17, 2018
इसके साथ ही किसानों द्वारा को-ऑपरेटिव और सोसाइटियों से लिए गए कर्ज़ को माफ़ किया जाएगा, लेकिन प्राइवेट बैंकों से लिए गए कर्ज़ के लिए कमिटी गठन किया जाएगा और कमिटी की रिपोर्ट के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा.
ज्ञात हो कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में सरकार बनने के 10 दिनों के भीतर क़र्ज माफ़ करने का वादा किया था..