भाजपा में रार, पार्टी के ही नेता ने कहा- अमित शाह घमंडी, अहंकार उन्हें ले डूबेगा
भाजपा नेता रेशमा पटेल ने आरोप लगाया कि अमित शाह पार्टी कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुनते हैं.
पांच राज्यों में भाजपा को मिली करारी हार के बाद पार्टी के नेता अपनी ही पार्टी के ख़िलाफ़ बयानबाज़ी करने लगे हैं. गुजरात की भाजपा नेता रेशमा पटेल ने हिंदी पट्टी राज्यों में पार्टी की हार का कारण अमित शाह के अहंकार को बताया और डर जताया कि उनका अहंकार पार्टी को न ले डूबे.
आजतक की ख़बर के अनुसार रेशमा ने कहा कि पांच राज्यों में भाजपा की हार का कारण पार्टी अध्यक्ष शाह का अहंकार है. उन्होंने अमित शाह पर आरोप लगाते हुए कहा कि शाह पार्टी कार्यकर्ताओं की बात कभी नहीं सुनते हैं. शाह घमंड में रहते है कि वे सरकार को चला रहे हैं. रेशमा ने कहा कि शाह को याद दिलाना ज़रूरी है कि इस लोकतांत्रिक देश में सरकार लोगों से बनती है.
उन्होंने कहा, “सरकार बनाने में पार्टी के हर कार्यकर्ता की भूमिका होती है. पार्टी की तरफ से शहीद परिवार के लोगों को नौकरियां देने का वादा किया गया था. लेकिन मुझे पार्टी से जुड़े हुए 1 साल से भी ज़्यादा का समय हो गया है. अब तक नौकरियां नहीं मिली. मैं पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार को नौकरी देने के वादे को याद दिलवाती हूं. फिर भी सरकार की तरफ से कोई सकारात्मक परिणाम नहीं आया. पार्टी की तरफ से सकारात्मक बातें बोली जाती हैं लेकिन हमें बातें नहीं परिणाम चाहिए.”
रेशमा ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक सरकार की तरफ से मांगें पूरी नहीं होगी तब तक वे भाजपा के लिए किसी भी प्रकार का प्रचार नहीं करेंगी. उन्होंने कहा, “जब हम लोगों के बीच जाते हैं तो लोगों से किए पिछले वादों का हमारे पास कोई जवाब नहीं होता है. इसलिए जनता की सच्चे दिल से सेवा करने के लिए पार्टी से जुड़े नेताओं को मांगें पूरी न होने का दुख होता है. मेरा स्पष्ट मानना है कि कहीं उनका यह अहंकार उन्हें ले न डूबे.”