May a good source be with you.

महाराष्ट्र का वीवीआईपी कल्चर : मुख्यमंत्री 13 बार कर चुके हैं ट्रैफ़िक नियम का उल्लंघन, पुलिस ने चालान काटकर भी नहीं लिए पैसे

आमतौर पर ट्रॉफिक नियम तोड़ने पर 1 हज़ार रुपये का चालान काटा जाता है.

एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी देश से वीवीआईपी कल्चर ख़त्म करने की बात करते हैं वहीं दूसरी तरफ उनकी पार्टी के नेता नियम-कानूनों की धज्जियां उड़ा रहे हैं. ताज़ा मामला महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का है. जिनका काफिला ओवर स्पीड के चलते ट्रैफिक नियमों को तोड़ते हुए आगे निकल जाता है, लेकिन ट्रैफिक पुलिस चालान काटकर भी जुर्माना माफ़ कर देती है.

जनसत्ता की ख़बर के अनुसार सीसीटीवी कैमरे में कैद तस्वीरों के अनुसार मुख्यमंत्री के वाहन ने कुल 13 बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया है. इस हिसाब से मुख्यमंत्री फडणवीस पर 13 हज़ार रुपये का जुर्माना लगाया जाना चाहिए था. लेकिन आरटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक ट्रैफिक पुलिस ने मुख्यमंत्री के सभी ई-चालानों को रद्द कर दिया है.

आरटीआई एक्टिविस्ट शकील अहमद ने कहा कि मैंने ट्रैफिक विभाग से उन चालानों की जानकारी मांगी थी जो पिछले दिनों मुख्यमंत्री के काफिले पर नियम तोड़ने के ख़िलाफ़ चालान जारी किए गए थे. लेकिन मुझे जानकारी मिली कि मुख्यमंत्री के 13 चालानों को रद्द कर दिया गया है. हालांकि ट्रॉफिक विभाग ने बचाव में कहा कि मुख्यमंत्री काफिले को सुरक्षा कारणों के वजह से छूट प्राप्त है.

लेकिन अहमद का कहना है कि केवल फायर गाड़ियों, एंबुलेंस और पुलिस वाहनों को ही तेज रफ्तार गति से वाहन चलाने की विशेष छूट प्राप्त होती है. मुख्यमंत्री द्वारा नियमों का उल्लंघन करने पर एनसीपी प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा कि अगर कोई कानून है तो वह सबके लिए बराबर होना चाहिए. इस मामले में मुख्यमंत्री को सुविधा नहीं दी जानी चाहिए.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+