May a good source be with you.

“टीएमसी कार्यकर्ता को गाड़ देंगे और पुलिस की वर्दी उतार उनकी खाल उधेड़ देंगे”…पश्चिम बंगाल के भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष की खुलेआम धमकी

पुलिस ने भाजपा नेता के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कर लिया है.

पश्चिम बंगाल के भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के ख़िलाफ़ बीते गुरुवार को अपने भाषण में पुलिस और टीएमसी कार्यकर्ताओं के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज किया गया है.

दरअसल, बीते बुधवार को दिलीप घोष पश्चिमी मिदनापुर के केशीरी में पार्टी रैली में भाषण देने पहुंचे थे. घोष ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अगर वो हमारी पंचायत समीतियों को तोड़ने आएंगे तो टीएमसी कार्यकर्ताओं को गाड़ देंगे और पुलिसकर्मियों की वर्दी उतारकर उनकी खाल उधेड़ दी जाएगी. पुलिसकर्मी होने के बावजूद भी उन्हें माफ नहीं किया जाएगा.

जनसत्ता की ख़बर के अनुसार एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “हमने दिलीप घोष और आयोजकों के ख़िलाफ़ आईपीसी की धारा 505, 506 और 120बी के तहत केस दर्ज किया है.”

ज्ञात हो कि पंचायत चुनाव जीतने के बाद भी भाजपा द्वारा केशीरी में पंचायत समिति बोर्ड का गठन नहीं किया गया था. भाजपा ने आरोप लगाया कि टीएमसी और राज्य सरकार की वजह से पंचायत समिति बोर्ड का गठन करने में मुश्किलें आ रही हैं.

हालांकि अपने बचाव में भापजा नेता ने कहा कि “मैंने उसी तरह बात की जैसी पहले की राजनीतिक रैलियों में करता रहा हूं. यह दुर्भाग्य है कि मेरे ख़िलाफ़ केस दर्ज किया गया है. उन्होंने पश्चिम बंगाल पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि बदमाश और गोलीबारी में शामिल लोगों के ख़िलाफ़ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की.”

वहीं दूसरी ओर टीएमसी ज़िला अध्यक्ष अजीत मैती ने कहा कि घोष के ख़िलाफ़ एक और एफआईआर दर्ज कराने पर विचार कर रहे है.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+