असमः हिरासत शिविर में गई 85 वर्षीय वृद्ध की जान, मौत के कारणों की पुष्टि नहीं
चिरांग ज़िले के निवासी शशि सरकार पिछले साढ़े सालों से हिरासत शिविर में थे.
असम के गोलपाड़ा में 85 वर्षीय व्यक्ति शशि सरकार की पिछले हफ्ते हिरासत शिविर (जहां लोगों को हिरासत में रखा जाता है) में मौत हो गई थी.
स्थानीय दैनिक जुगासंखा ने बताया कि चिरांग ज़िले के निवासी शशि सरकार पिछले साढ़े सालों से हिरासत शिविर में थें. मौत से कुछ दिन पहले अस्वस्थता के कारण सरकार को गोलपाड़ा सिविल अस्पताल ले जाया गया था. लेकिन, बाद में हालत ज्यादा बिगड़ने के कारण गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया.
7 दिसंबर को शशि सरकार के परिजनों को उनकी ख़राब हालात की सूचना दी गई थी. अगले दिन परिजन सरकार से मिलने गुवाहाटी गए थे. लेकिन, अस्पताल में उनसे मुलाकात नहीं हो सकी. तब शिविर के अधिकारियों ने परिजनों को बताया कि सरकार की मौत हो चुकी है. हालांकि रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि शशि सरकार की मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है.