कांग्रेस को वोट देने पर भाजपा समर्थकों ने युवक के साथ की मारपीट, घायल युवक अस्पताल में भर्ती
दमोह विधानसभा के देवरी जमादार गांव का है मामला.
भाजपा को वोट नहीं दिया तो पीट दिए गए. मध्यप्रदेश के दामोह में पार्टी अंध-भक्ति का कथित मामला सामने आया है. एक युवक ने भाजपा समर्थकों पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उस पर भाजपा को वोट देने का दबाव बनाया. वोट नहीं देने पर उससे मारपीट की गई.
ईनाडु इंडिया की ख़बर के मुताबिक़ पप्पू पटेल दमोह विधानसभा के देवरी जमादार गांव का रहने वाला है. उसने गांव में रहने वाले रतन पटेल और बहादुर पटेल पर मतदान के चलते मारपीट करने का आरोप लगाया है. पप्पू ने बताया कि चुनाव से पहले दोनों लोग उस पर भाजपा को वोट देने का दबाव बना रहे थे. लेकिन जब उसने कांग्रेस को वोट दिया को दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करने का प्रयास किया था. लेकिन उस समय वह मारपीट से बच गया था.
लेकिन शनिवार को जब किसी काम से बाहर जा रहा था तो उसी दौरान दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की. फिलहाल घायल पप्पू को ज़िला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.