महाराष्ट्र: मृत किसान के बेटे ने दी आत्महत्या की धमकी
इस साल 22 जनवरी को 84 वर्षीय धर्मा पाटिल ने राज्य सचिवालय ‘मंत्रालय’ परिसर में जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी.
अपनी जमीन के मुआवजे की मांग को लेकर ‘मंत्रालय’ में जहर खाकर आत्महत्या करने वाले एक किसान के बेटे ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि अगर महाराष्ट्र के तीन मंत्रियों ने इस्तीफा नहीं दिया तो वह आत्महत्या कर लेगा.
इन तीन मंत्रियों पर वह अपने वादे पूरा नहीं करने का आरोप लगा रहा है.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस को यह पत्र भेजे जाने के बाद धुले जिले के विखरन के रहने वाला नरेंद्र पाटिल शुक्रवार की सुबह गांव के एक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया. ज़िला अधिकारियों के समझाने के बाद ही वह नीचे उतरा.
इस साल 22 जनवरी को 84 वर्षीय धर्मा पाटिल ने राज्य सचिवालय ‘मंत्रालय’ परिसर में जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी. उनकी मांग थी कि उनकी जमीन का उचित मुआवजा उन्हें दिया जाए. उनकी जमीन एक सौर ऊर्जा परियोजना के लिए अधिग्रहित की गई थी.
किसान के बेटे ने अपने पत्र में कहा है कि धर्मा पाटिल की मौत के बाद मंत्री गिरिष महाजन और जयकुमार रावल ने मुआवजे के सिलसिले में दोषी पाए जाने वालों के ख़िलाफ़ कदम उठाने का आश्वासन दिया था. इसके अलावा एक अन्य मंत्री चंद्रशेखर बवानकुले ने लिखित तौर पर परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया था.