राजस्थान में बनेगी कांग्रेस की सरकार : सचिन पायलट
सचिन पायलट ने कहा कि एक्जिट पोल के परिणाम उत्साहवर्धक हैं, जो मज़बूत बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बनने का संकेत है.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने शुक्रवार को फिर विश्वास जताया कि उनकी पार्टी राजस्थान में आगामी सरकार बनाने जा रही है.
उल्लेखनीय है कि राज्य की 200 में से 199 सीटों के लिए मतदान शुक्रवार को संपन्न हुआ और मतदान बाद आए ज्यादातर सर्वेक्षण में राज्य में कांग्रेस को सत्तारूढ भाजपा से आगे बताया गया है.
पायलट ने संवाददाताओं से कहा कि एक्जिट पोल के परिणाम उत्साहवर्धक हैं और राज्य में मजबूत बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बनने का संकेत है. उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी और अन्य नेताओं के सामूहिक प्रयास तथा कार्यकर्ताओं की मेहनत के नतीजे मतगणना के दिन 11 दिसंबर को सामने आएंगे.
इसके साथ ही पायलट ने राज्य में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न करवाने के लिए चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों व पुलिस तथा अन्य सुरक्षा कर्मियों को धन्यवाद दिया.