बुलंदशहर हिंसा: यूपी पुलिस ने कहा- पहले गाय को मारने वालों का पता लगाएंगे फिर होगी इंस्पेक्टर सुबोध की हत्या की जांच
बुलंदशहर के एएसपी का कहना है कि सुबोध कुमार सिंह की हत्या में गोरक्षा से जुड़े लोग शामिल थे.
बुलंदशहर हिंसा मामले में एक नई बात सामने आई है. जिले की पुलिस का कहना है कि पहले वह इस बात का पता लगाएगी कि वहां गाय की हत्या की किसने की थी, उसके बाद इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह के हत्या की जांच की जाएगी.
जनसत्ता की ख़बर के मुताबिक बुलंदशहर के एएसपी का कहना है, “फिलहाल हमारा पूरा जोर यह पता लगाने में है कि आख़िर वहां गोवध किसने किया. आखिरकार वहां गोवध ही हुआ था, उसके बाद लोगों ने प्रदर्शन किया जिसमें सुबोध कुमार सिंह की हत्या की गई. अभी हमारी प्राथमिकता गोकशी करने वालों को दबोचना है, जबकि हत्या और दंगा भड़काने वाला मामला दूसरे नंबर पर है.”
उन्होंने कहा कि नाम तो नहीं बता सकते लेकिन, सुबोध कुमार सिंह की हत्या में गोरक्षा से जुड़े लोग ही शामिल थे. ग़ौरतलब है कि बीते तीन दिसंबर को बुलंदशहर के स्याना गांव में कथित गोवंश का मांस मिलने पर हंगामा हो गया था. भीड़ ने प्रदर्शन को शांत कराने गए इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की हत्या कर दी थी. सुबोध कुमार सिंह उत्तर प्रदेश के दादरी में अख़लाक की मॉब लिंचिंग की जांच में शामिल थे.