योगी ‘राज’: यौन उत्पीड़न का विरोध करने पर महिला को ज़िंदा जलाया, पहले थाने में की थी शिकायत
दो आरोपियों में से एक को गिरफ़्तार कर लिया गया है. मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर रहे हैं.
एक तरफ योगी सरकार उत्तरप्रदेश में अपराध और अपराधियों के कम होने के दावे करते नहीं थकती, वहीं दूसरी तरफ़ हर रोज़ कोई न कोई संगीन अपराध का मामला सामने आता है. उत्तरप्रदेश के सीतापुर में पुलिस ने रविवार, 2 दिसम्वर को यह दावा किया एक युवक ने एक महिला को कथित रूप से ज़िंदा जला दिया. पुलिस का कहना है कि चूँकि पीड़िता ने आरोपी युवक द्वारा यौन उत्पीड़न की कोशिश का विरोध किया, इसलिए युवक ने पीड़िता को आग लगा दी.
द हिन्दू की एक ख़बर के मुताबिक़ 19-20 वर्षीया सीतापुर में तम्बौर की निवासी पीड़िता को तब जला दिया गया जब वह 1 दिसम्बर की रात पास के ही एक खेत में शौच के लिए गई थी. सिरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुवन सिंह ने कहा, “जब वे गन्ने के खेत में गई तब आरोपी युवक अपने भाई के साथ वहां पहुंचा और उस पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी.
सिंह ने आगे बताया कि महिला ने इससे पहले आरोपी युवक के दुर्व्यवहार को लेकर एक लिखित शिकायत दर्ज करवाई थी. लेकिन स्थानीय पुलिस थाने के अफसर ओम प्रकाश सरोज इस मामले में कोई भी उचित कार्रवाई करने में सक्षम नहीं रहे.
ज्ञात हो कि पुलिस के मुताबिक़ इस अपराध में शामिल दो आरोपियों में से एक को गिरफ़्तार कर लिया गया है और मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर रहे हैं.