उद्योगपतियों का कर्ज माफ़ हो सकता है, तो किसानों का क्यों नहीं: राहुल गांधी
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दिल्ली में किसान मुक्ति मार्च को संबोधित कर रहे थे.
दिल्ली में किसान मुक्ति मार्च को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार को किसान विरोधी बताया. उन्होंने कहा कि मोदी जी ने किसानों और युवाओं के साथा वादाख़िलाफी की है.
गांधी ने इस अवसर पर कहा कि किसान और युवा अपनी समस्याओं को लेकर पिछले साढ़े चार सालों से लड़ाई जारी है. भाजपा सरकार ने बकायदारों के लिए 5.5 लाख करोड़ ख़र्च कर दिए. उन्होंने कहा, “अगर बकायदारों की इतनी बड़ी रकम माफ़ की जा सकती है तो किसानों के क़र्ज़ को भी माफ़ किया जा सकता है. प्रधानमंत्री जी ने कहा था कि सही दाम दिलवाएंगे, बोनस मिलेगा, एमएसपी बढ़ाई जाएगी, और आज हालत क्या है?”
राहुल गांधी ने ज़ोर देते हुए कहा, “किसान भीख नहीं मांग रहे हैं, उनका जो हक़ है, वो वही मांग रहे हैं. आप बीमा का पैसा देते हो और अनिल अंबानी जी के जेब में जाता है आपका पैसा.” उन्होंने कहा कि अडानी और अंबानी को फायदा पहुंचाने के लिए उन्होंने क्षेत्र बांट दिए हैं. कहीं अंबानी जी कमाते हैं और कहीं अडानी जी.
ज्ञात हो कि 29 नवंबर को देश भर से लाखों की संख्या में किसान अपनी मांगों को लेकर दिल्ली में एकजुट हुए थे. 30 नवंबर को एक रैली के बाद जंतर मंतर पर एक कार्यक्रम के साथ यह यात्रा संपन्न हुई.