जेडीयू का 600 किलोग्राम मटन बिरयानी का आयोजन हुआ फेल, 500 से कम लोग हुए शामिल
जब जेडीयू के महासचिव आर.सी.पी सिंह जब भाषण देने मंच पर गए तो किसी श्रोता ने उन्हें चिल्लाकर कहा, ‘बस हो गया अब’
पटना में नीतीश कुमार की अगुवाई वाली जनता दल (यूनाइटेड) ने ज़िला स्तरीय बैठक में मुस्लिम मतदाताओं का समर्थन प्राप्त करने के लिए तकरीबन 600 किलोग्राम मटन बिरयानी बनवाई. लेकिन पार्टी को झटका तब लगा जब उस मटन बिरयानी पार्टी में 500 से भी कम लोग शामिल हुए. जबकि इस पार्टी से जनता दल का उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों का समर्थन वापस पाने का था.
एक रिपोर्ट के मुताबिक जनता दल की तरफ से मटन बिरयानी का आयोजन अधिक संख्या में लोगों को आकर्षित करने के लिए किया गया था ताकि जेडीयू को जनता का ज़्यादा से मत मिल सके. लेकिन पार्टी की सारी उम्मीदें धरी रह गईं. अंत में जेडीयू कार्यकर्ताओं को श्रमिकों के बीच मटन बिरयानी को बांट कर समाप्त करना पड़ा.
हालांकि मटन बिरयानी आयोजन में पार्टी की शर्मिंदगी यहीं खत्म नहीं हुई. इसके बाद जब जेडीयू के महासचिव आर.सी.पी सिंह जब भाषण देने मंच पर गए तो किसी श्रोता ने उन्हें चिल्लाकर कहा, “बस हो गया अब (अपना भाषण खत्म करें)”.
इस सिलसिले में पार्टी के प्रवक्ता नीरज कुमार ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि सांगठनिक प्रयासों और तैयारियों की कमी की वजह से लोग कम शामिल हुए न कि जेडीयू की अल्पसंख्यक समुदायों के लिए प्रतिबद्धता की कमी की वजह से. इससे पहले भी जेडीयू की तरफ से 30 ज़िलों के मुख्यालयों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था. जिनमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की थी. बावजूद इसके जेडीयू किसी भी कार्यक्रम में 1500 से ज्यादा लोग इकट्ठा नहीं कर पाई. ज्ञात हो कि बिहार में कुल आबादी का लगभग 17 प्रतिशत हिस्सा मुसलमान आबादी का है.