May a good source be with you.

केजरीवाल की हत्या करवाना चाहती है भाजपा- मनीष सिसोदिया

सिसोदिया ने कहा कि केजरीवाल पर मिर्च पाउडर फेंकने वाला हमलावर भाजपा का कार्यकर्ता है.

आप के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को दिल्ली की जनता के हित में काम करने से रोकने के लिए भाजपा उनकी हत्या कराना चाहती है.

सिसोदिया ने मंगलवार को केजरीवाल पर मिर्च पाउडर फ़ेंक कर किए गए हमले का हवाला देते हुए कहा कि हमलावर भाजपा का कार्यकर्ता है. उन्होंने कहा, “केजरीवाल को काम करने से रोकने के सभी हथकंडे नाकाम रहने के बाद भाजपा मुख्यमंत्री की हत्या कराना चाहती है. कल की घटना इसी साज़िश का परिणाम है.”

सिसोदिया ने मंगलवार को हमले के समय दिल्ली सचिवालय में भाजपा के एक नेता की मौजूदगी की बात सामने आने पर इसकी भी जाँच कराने की माँग की. उन्होंने कहा कि हमलावर के फ़ेसबुक पेज पर मुख्यमंत्री केजरीवाल के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है. उसके फ़ेसबुक पेज पर यह सिलसिला पिछले एक माह से चल रहा था. उसके पेज पर भाजपा के नेताओं की फ़ोटो है.

सिसोदिया ने कहा कि मुख्यमंत्री पर हमले के मामले में उपराज्यपाल की ओर से कोई बयान नहीं आया.  उन्होंने बताया कि गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने केजरीवाल को फ़ोन कर कहा कि आप पुलिस में शिकायत दर्ज करा दें. उन्होंने पुलिस की जाँच के तरीक़े पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिस तरह पूछताछ की जा रही है, उससे साफ़ है कि पुलिस द्वारा भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ दोस्ती निभाई जा रही है, क्योंकि पूरे घटनाक्रम को देखने से लगता है कि भाजपा के शीर्ष नेताओं को हमले की जानकारी थी.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+