“मेरी बेइज़्ज़ती करके सही न रह पाओगे, तुम्हें जूते से मारूंगी” भाजपा महिला विधायक की इंस्पेक्टर को धमकी; अॉडियो सुनें.
विधायक मंजू त्यागी ने कहा कि वो पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए पुलिस से किसी भी भाषा में बात कर सकती हैं.
सोशल मीडिया पर इन दिनों भाजपा की महिला विधायक मंजू त्यागी का एक कथित ऑडियो वायरल हो रहा है. इस ऑडियो में मंजू त्यागी पुलिस अधिकारी को धमकी दे रही हैं. लखीमपुर खीरी के श्रीनगर से विधायक मंजू त्यागी पुलिस अधिकारी को कह रही हैं कि “हमरी बेइज़्ज़ती करके सही न रह पाओगे, यही से जूते निकालकर मारूंगी.’ अपनी भाषा की मर्यादा को भूल कर त्यागी ने अधिकारी को पागल तक कह दिया.
जागरण की एक रिपोर्ट (अॉडियो के लिए इस लिंक पर क्लिक करें) के अनुसार भाजपा विधायक ने यह भी कहा कि वह किसी से नहीं डरती हैं, पुलिस को उनके हिसाब से काम करना पड़ेगा. ऑडियो में अधिकारी बार-बार मंजू को भाषा की गरिमा का ध्यान रखने को बोल रहे हैं, लेकिन मंजू उन्हें भाषा न सिखाने की नसीहत देते हुए लगातार अभद्रता कर रही हैं. यही नहीं मंजू त्यागी का यह भी कहना है कि पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए वह पुलिस से किसी भी भाषा में बात कर सकती हैं.
हैरत की बात यह है कि विधायक मंजू त्यागी ने उल्टे उस पुलिस अधिकारी की शिकायत ज़िले के एसपी रामलाल वर्मा से कर दी, जिसके बाद उन्हें लाइन हाज़िर होना पड़ा. हालांकि, एसपी की इस कार्रवाई को लेकर पुलिस विभाग में खासी नाराज़गी देखी जा रही है. ज्ञात हो कि मंजू त्यागी पहले भी अपनी भाषा की अभद्रता को लेकर सुर्खियां बटोर चुकी हैं.