नीतीश चाचा, हमारे घर में कैमरा लगाने से बिहारवासियों का भला हो तो लगवा दें लाखों कैमरा : तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया है कि सीसीटीवी कैमरा के ज़रिये नीतीश कुमार उनके घर के अन्दर ताक-झांक करने की कोशिश कर रहे हैं.
चुनावी माहौल में बिहार में विवादों का सिलसिला अब अपने चरम पर दिखाई पड़ रहा है. हाल ही में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निवास पर लगाये गए सीसीटीवी कैमरा को लेकर माहौल गर्म होता नज़र आ रहा है. राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने यह आरोप लगाया है कि सीसीटीवी कैमरा के ज़रिये नीतीश कुमार उनके घर के अन्दर ताक-झांक करने की कोशिश कर रहे हैं.
दरअसल, लालू प्रसाद यादव का निवास मुख्यमंत्री निवास के ठीक पड़ोस में है. तेजस्वी ने नीतीश कुमार पर आरोप लगाया है कि उन्होंने अपने आवास के पिछले दिवार पर हाई रेज़ोल्युशन का सीसीटीवी कैमरा लगवा रखा है. इससे वे हमारे घर के प्रवेश द्वार पर और उनके कमरों में तांक झाँक करने की कोशिश में लगे हैं.
इस मामले को लेकर तेजस्वी ने ट्विटर पर नीतीश कुमार को आड़े हाथ लेते हुए लिखा, “नीतीश चाचा, मेरी निजता का हनन करने और चौक-चौराहों की बजाय हमारे घर के चारों ओर अनेकों CCTV कैमरा लगाने से अगर बिहार की क़ानून व्यवस्था और अपराध में सुधार होता है तो मेरा आपसे सविनय निवेदन है कि कृपया हमारे घर में लाखों कैमरा लगवा दीजिये ताकि बिहारवासियों का तो भला हो सके.”
नीतीश चाचा, मेरी निजता का हनन करने और चौक-चौराहों की बजाय हमारे घर के चारों ओर अनेकों CCTV कैमरा लगाने से अगर बिहार की क़ानून व्यवस्था और अपराध में सुधार होता है तो मेरा आपसे सविनय निवेदन है कि कृपया हमारे घर में लाखों कैमरा लगवा दिजीए ताकि बिहारवासियों का तो भला हो सके। धन्यवाद pic.twitter.com/CjjniMdB0J
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) November 17, 2018
गौरतलब है कि इंडियन एक्सप्रेस की ख़बर के मुताबिक़ पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने इस मामले में तेजस्वी का समर्थन करते हुए उनके निवास पर ‘तांक-झांक’ करते सीसीटीवी कैमरा को तुरंत हटाने की मांग की.