आडवाणी, गुलाम नबी आज़ाद समेत कई नेताओं की सुरक्षा में बड़ी चूक! एनएसजी ने दिल्ली पुलिस को लिखी चिट्ठी
एनएसजी ने अपने पत्र में देश के इन बड़े नेताओं की सुरक्षा में लापरवाही को एक खतरनाक मामला बताया है.
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आज़ाद और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूख अब्दुल्ला की सुरक्षा में भारी चूक का मामला सामने आया है. नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) ने इस बाबत दिल्ली सरकार और राज्य की पुलिस को एक चिट्ठी लिखी है.
बीते 2 नवंबर को एनएसजी निदेशक ने दिल्ली पुलिस को पत्र लिखकर सुरक्षा इंतजामों में चूक का ज़िक्र किया है. जनसत्ता के अनुसार पत्र में लिखा गया है कि देश के इन बड़े नेताओं को जैमर, एंबुलेंस मुहैया नहीं कराई गई तथा उनकी गाड़ियों में अन्य व्यक्तियों को बैठने की मंजूरी भी दे दी गई, जो सुरक्षा के लिहाज से ख़तरनाक है.
इसके साथ ही पत्र में लिखा गया है कि इन राजनेताओं के काफ़िले के पीछे दिल्ली पुलिस एसीपी या डिप्टी एसपी का कोई अफ़सर मौजूद नहीं होता है. इस पत्र में 4 अक्टूबर को एनएसजी के सुरक्षागार्डों को चार दरवाजों वाली गाड़ी न दिए जाने का मुद्दा भी शामिल है. ज्ञात हो कि सुरक्षा में लापरवाही के ये मामले केवल दिल्ली में ही नहीं बल्कि मुंबई, श्रीनगर और अन्य जगहों में भी देखे गए हैं.
ज्ञात हो कि, वर्तमान में एनएसजी द्वारा 34 वीवीआईपी हस्तियों को जेड प्लस सिक्योरिटी दी जाती है.