प्रधानमंत्री मोदी ने हलफ़नामे में मानी अपनी चोरी, बिना वायुसेना से पूछे 30,000 करोड़ रूपया अंबानी की जेब में डाला : राहुल गांधी
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर तंज़ कसते हुए कहा कि, ‘पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त.’
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उच्चतम न्यायालय में सरकार के राफ़ेल मामले से जुड़े हलफनामे को लेकर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और दावा किया कि मोदी ने वायुसेना से पूछे बिना कॉन्ट्रैक्ट बदलने की बात स्वीकार कर ली है.
गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘ उच्चतम न्यायालय में मोदी जी ने मानी अपनी चोरी. हलफ़नामे में माना कि उन्होंने बिना वायुसेना से पूछे कांट्रैक्ट बदला और 30,000 करोड़ रूपया अंबानी की जेब में डाला. ‘ उन्होंने तंज़ कसते हुए कहा, ‘पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त.’
दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी पिछले कई महीनों से यह आरोप लगाते आ रहे हैं कि मोदी सरकार ने फ्रांस की कंपनी दसाल्ट से 36 राफ़ेल लड़ाकू विमान की खरीद का जो सौदा किया है, उसका मूल्य पूर्ववर्ती यूपीए सरकार में विमानों की दर को लेकर बनी सहमति की तुलना में बहुत अधिक है. इससे सरकारी खजाने को हजारों करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है.
पार्टी ने यह भी दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सौदे को बदलवाया और एचएएल से ठेका लेकर रिलायंस डिफेंस को दिया गया. सरकार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज़ किया है.