कर्नाटक: रिश्वतख़ोरी के मामले में भाजपा के पूर्व मंत्री जनार्दन रेड्डी गिरफ़्तार
रेड्डी पर आरोप है कि उन्होंने ईडी की पोंजी स्कीम की जांच में आरोपियों को बचाया.
कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी की सरकार में मंत्री रहे जी. जनार्दन रेड्डी रिश्वतखोरी के एक मामले में गिरफ़्तार किया गया है. उनकी गिरफ़्तारी केन्द्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) द्वारा की गई है. जनसत्ता की एक ख़बर के मुताबिक़ रेड्डी के ख़िलाफ़ आरोप है कि उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय की पोंजी स्कीम जांच में आरोपियों को बचाने का प्रयास किया है. आरोप है कि उन्होंने बतौर मंत्री इस मामले को ख़त्म करवाने के लिए इस फर्म से 20 करोड़ रुपए की रिश्वत ली थी.
गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय ने ऐम्बिडेंट मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड पर फेमा (विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम) का उल्लंघन करने के लिए 1.86 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है. ज्ञात हो कि एक स्थानीय अदालत ने रेड्डी की अग्रिम ज़मानत की याचिका ख़ारिज़ कर दी जिसके बाद वे शनिवार, 10 नवम्बर को मामले में क्राइम ब्रांच के जांच अधिकारी के समक्ष पूछताछ के लिए पेश हुए थे.