प्रधानमंत्री मोदी ने देश के 15 बड़े उद्योगपतियों के लाखों करोड़ों के कर्ज़ माफ़ किए, लेकिन किसानों के नहीं : राहुल गांधी
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मनरेगा योजना चलाने के लिए सालाना 35,000 करोड़ रूपये की जरूरत होती है, प्रधानमंत्री ने इस राशि का दस गुना धन 15 चुनिंदा उद्योगपतियों का माफ कर दिया है.
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने कार्यकाल के दौरान देश के चुनिंदा 15 उद्योगपतियों का 3.5 लाख करोड़ रूपये का कर्ज़ माफ़ किया है. विधानसभा चुनाव के लिए रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वह चाहते हैं कि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ अगले पांच सालों में कृषि का केन्द्र बन जाएं और देश को खाना, फल और सब्जियां मुहैया कराए.
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘पिछले चार-पांच सालों में मोदी जी ने 15 सबसे धनी लोगों को 3.5 लाख करोड़ रूपया दिया. जबकि देश में मनरेगा योजना चलाने के लिए सालाना 35,000 करोड़ रूपये की जरूरत होती है, उन्होंने उस राशि का दस गुना धन 15 चुनिंदा उद्योगपतियों का माफ कर दिया है.’’ राहुल ने कहा, ‘‘मोदी ने राजकोष की चाभी 15 चुनिंदा लोगों को दे दी है, लेकिन कांग्रेस यह चाभी किसानों, युवाओं, गरीबों, महिलाओं और आदिवासियों को देना चाहती है.’’
90 सदस्यीय छत्तीसगढ़ विधानसभा के लिए दो चरणों में 12 और 20 नवंबर को मतदान होनी है. वहीं, मध्यप्रदेश में विधानसभा के लिए 28 नवंबर को मतदान होनी है. इन चुनाव परिणामों की घोषणा 11 दिसंबर को की जाएगी.
पीटीआई इनपुट्स पर आधारित