छत्तीसगढ़: राफ़ेल अनिल अंबानी को नरेन्द्र मोदी का दिया 30 हज़ार करोड़ रुपए का गिफ़्ट है- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि जितना पैसा मोदी जी ने उद्योगपतियों के जेब में डाल दिया, उससे आम आदमी के लिए स्कूल, अस्पताल और यूनिवर्सिटी खोली जा सकती थी.
छत्तीसगढ़ में चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कि कहा कि जितना पैसा मोदी जी ने उद्योगपतियों के जेब में डाल दिया, उससे आम आदमी के लिए स्कूल, अस्पताल और यूनिवर्सिटी खोली जा सकती थी. राहुल गांधी बस्तर में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे.
उन्होंने राफ़ेल का मुद्दा फिर उठाते हुए कहा कि “कांग्रेस सरकार 126 राफ़ेल विमान खरीद रही थी, लेकिन नरेंद्र मोदी ने आकर उसे 36 कर दिया. एचएएस जो पिछले 70 साल से हवाई जहाज बना रही थी, उसे डील से हटाकर रिलांयस को दे दिया. अनिल अंबानी को नरेंद्र मोदी ने 30 हज़ार करोड़ का गिफ़्ट दिया है.”
दरअसल, चुनाव को लेकर राज्य में अलग-अलग पार्टी के शीर्ष नेताओं का दौरा जारी है. कांग्रेस और बीजेपी एक दूसरे के ख़िलाफ़ जमकर बरस रही है. सियासी पारा उफान पर है.
राहुल गांधी राज्य भर में दो दिनों के दौरान पांच रैलियों में शामिल होने वाले हैं. ऐसी उम्मीद है कि वे राफ़ेल को लेकर अंबानी की कथित साठ-गांठ के मामले को भी ज़रूर उठाएंगे.
जानकारी के मुताबिक़ प्रधानमंत्री भी आज बस्तर से ही चुनावी रैली को संबोधित कर चुनाव प्रचार का आगाज करेंगे.