भगोड़े चौकसी के सहयोगी दीपक कुलकर्णी को ईडी ने किया गिरफ़्तार
कुलकर्णी हांगकांग में मेहुल चौकसी की कंपनी के डायरेक्टर था जिसके ख़िलाफ़ सीबीआई और ईडी ने लुक आउट सर्कुलर ज़ारी किया था.
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बैंक धोखाधड़ी मामले में बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए भगोड़े आभूषण कारोबारी मेहुल चौकसी के सहयोगी दीपक कुलकर्णी को कोलकाता हवाई अड्डे से गिरफ़्तार किया है.
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक कुलकर्णी हांगकांग में मेहुल चौकसी की कंपनी के डायरेक्टर था जिसके ख़िलाफ़ सीबीआई और ईडी ने लुक आउट सर्कुलर ज़ारी किया था. प्रवर्तन निदेशालय ने पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) धोखाधड़ी मामले की जांच के प्रकरण में सोमवार को हांगकांग से भारत पहुंचे दीपक के ख़िलाफ़ कार्रवाई की.
अधिकारियों ने बताया कि कुलकर्णी को धनशोधन रोकथाम कानून के तहत गिरफ़्तार किया गया है. कुलकर्णी को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा और प्रवर्तन निदेशालय उसे मुंबई ले जाने के लिए ट्रांज़िट रिमांड मांगेगा और इस मामले को मुंबई में दर्ज किया गया है.