गुंडागर्दी के मामले में ज़मानत मिलने के जश्न में भाजपा पार्षद के समर्थकों द्वारा सरेआम अंधाधुंध फायरिंग
पुलिस अधिकारी और उनकी महिला मित्र पर हमला और मारपीट करने के जुर्म में भाजपा पार्षद गिरफ़्तार हुए थे.
उत्तर-प्रदेश के मेरठ में पुलिस अधिकारी और उनकी महिला मित्र पर हमला और मारपीट करने के जुर्म में गिरफ़्तार किए गए भाजपा पार्षद मनीष चौधरी को बीते शुक्रवार 2 नवंबर को कोर्ट द्वारा ज़मानत दे दी गई. लेकिन ज़मानत मिलने की ख़ुशी में मनीष चौधरी के समर्थकों द्वारा कानून की परवाह किए बिना चलती कार से अंधाधुंध फायरिंग की गई.
इस फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. 12 सेकेंड के इस वीडियो में भाजपा पार्षद के समर्थकों को पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग करते देखा जा सकता है. फ़र्स्टपोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार फायरिंग का यह वीडियो 2 नवंबर की शाम का है. ककंरखेड़ा हाइवे से गुज़रते समय चलती कार से पार्षद के समर्थक ने पिस्टल से 8 राउंड फायर किया था. हालांकि इस गोलाबारी में किसी व्यक्ति के घायल होने की ख़बर नहीं है.
ज्ञात हो कि बीते 19 अक्टूबर को मेरठ के कंकरखेड़ा में एक होटल में उत्तर प्रदेश पुलिस अधिकारी सुखपाल सिंह और उनकी महिला मित्र के साथ भाजपा पार्षद मनीष चौधरी ने झगड़ा और मारपीटकिया था.
इस मामले में मेरठ के एसपी रणविजय सिंह का कहना है कि साइबर सेल वायरल वीडियो और पूरे मामले की जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि फ़ेसबुक पर इस वीडियो को अपलोड करने वाले विनय चौधरी नामक व्यक्ति के ख़िलाफ़ आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.