शर्मनाक: प्रधानमंत्री के ख़िलाफ़ लिखने के कारण मुस्लिम शिक्षक की छिन गई नौकरी, मुक़दमा दर्ज
असम के एक शिक्षक अबू तालिब पर आरोप है कि उन्होंने कथित रूप से सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ टिप्पणी करना एक मुस्लिम शिक्षक को इतना महंगा पड़ा कि उसे अपनी नौकरी से हाथ धोनी पड़ी. इतना ही नहीं सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने की वज़ह से उनपर मुक़दमा भी दर्ज किया गया है.
दरअसल, यह मामला असम के लखीपुर स्थित सेकंडरी हाई स्कूल का है. यहां हिन्दी के एक शिक्षक अबू तालिब पर आरोप है कि उन्होंने कथित रूप से सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक टिप्पणी की. जनसत्ता के मुताबिक अबू तालिब के ख़िलाफ़ दो लोगों ने एफ़आईआर लिखवाई है. एक शिकायतकर्ता ख़ुद स्थानीय भाजपा का सदस्य है, तो दूसरा गोलपाड़ा ज़िला का ‘इंस्पेक्टर ऑफ़ स्कूल’ है.
ऐसा पहली बार नहीं हुआ-
ग़ौरतलब है कि यह पहली घटना नहीं है कि किसी राजनेता के ख़िलाफ़ लिखने पर व्यक्ति पर ऐसी कार्रवाई की गई है. इससे पहले भी ऐसी कार्रवाइयां होती रही हैं. कुछ महीने पहले ही आगरा पुलिस की साइबर सेल ने एक युवक को योगी आदित्यनाथ के ख़िलाफ़ फ़ेसबुक पर टिप्पणी करने के कारण गिरफ़्तार किया था.