आगामी 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों में भाजपा को मुंह की खानी पड़ सकती है- सर्वेक्षण
सर्वेक्षण कांग्रेस के लिए उत्साहजनक तो वहीं भाजपा के लिए निराशा
पांच राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर केवल पार्टियों के बीच ही नहीं बल्कि मतदाताओं के बीच भी खलबली का माहौल महसूस किया जा रहा है। पार्टियों के बीच चल रहे संघर्ष के बीच राज्यों में आगामी सरकारों को लेकर मतदाताओं के बीच सर्वेक्षण कराए गए हैं, जिसके नतीजे कांग्रेस के लिए उत्साहजनक है तो वहीं भाजपा के लिए निराशा का कारण बन गया है। दरअसल, यह सर्वे एबीपी न्यूज़ और सी वोटर्स के द्वारा मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर कराया गया है।
क्या कहता है मध्यप्रदेश में सर्वेक्षण
दरअसल, ताज़ा सर्वेक्षण में नतीजे सामने आए हैं कि मध्य-प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भाजपा को मुंह की खानी पड़ सकती है। जनसत्ता की रिपोर्ट के मुताबिक सर्वेक्षण के मुताबिक मध्य-प्रदेश की 230 सीटों में सबसे ज्यादा 119 सीटें कांग्रेस के खाते में जा सकती हैं। वहीं भाजपा के खाते में 105 सीटें हो सकती हैं। अन्यों के खातों में 6 सीटें जा सकती हैं। मध्य-प्रदेश में जीत के लिए 116 सीटों की आवश्यकता है, जिसमें कांग्रेस का पलड़ा भाजपा के मुक़ाबले भारी नज़र आ रहा है।
राजस्थान में कांग्रेस बहुत आगे
वहीं अगर बात करें राजस्थान की तो यहां विधानसभी की 200 सीटों में कांग्रेस 144 सीटें जीत सकती है। भाजपा को 55 सीटों से ही संतोष करना पड़ सकता है। एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार जीत सकता है। वहीं इस बीच ख़बर आई थी कि वसुंधरा सरकार अपने दर्ज़नों विधायकों के टिकट काट सकती है। क्योंकि वे जनता की आकांक्षाओं पर खरे नहीं उतर पाएं हैं। जिसका ख़ामियाजा भाजपा को आगामी चुनावों में भुगताना पड़ सकता है।
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस से मिल सकती है बराबरी की टक्कर
छत्तीसगढ़ में 15 सालों से भाजपा की सरकार है। यहां विधानसभा की 90 सीटों पर मतदान होना है। जिसमें कांग्रेस 42 सीटों प्राप्त कर सकती है वहीं भाजपा के खाते में 43 सीटें आ सकती हैं। 5 सीटें अन्यों के खाते में जा सकती है। लेकिन छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने के लिए 46 सीटों आवश्यकता है। लेकिन इस आंकड़े को छूती हुई कोई सरकार नज़र नहीं आ रही है। बरहाल, यह देखना दिलचस्प होगा कि आगामी 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों में मतदाता कांग्रेस और भाजपा में किस पार्टी को विजयी बनाते हैं।