सीबीआई विवाद: आलोक वर्मा को को हटाए जाने के फ़ैसले के ख़िलाफ़ देशभर में सीबीआई कार्यालय के सामने प्रदर्शन करेगी कांग्रेस
दिल्ली में होने वाले विरोध-प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के भी शामिल होने की संभावना है।
सीबीआई के दो शीर्ष अधिकारियों को छुट्टी पर भेजे जाने के फ़ैसले का कांग्रेस पार्टी पूरज़ोर विरोध कर रही है। शुक्रवार को पार्टी दिल्ली में सीबीआई के मुख्यालय और सभी राज्यों की राजधानियों में सीबीआई के कार्यालयों के सामने विरोध-प्रदर्शन करेगी। दिल्ली में होने वाले विरोध-प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के भी शामिल होने की संभावना है।
फ़र्स्टपोस्ट की ख़बर के मुताबिक कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि सीबीआई निदेशक के ख़िलाफ़ आदेश को तुरंत वापस लिया जाए, साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पूरे प्रकरण पर देश से माफ़ी भी मांगें।
सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी गुरुवार को राजस्थान के दौरे से लौटने के बाद इस मसले पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर सकते हैं। कांग्रेस ने बुधवार को कहा था कि सीबीआई के निदेशक को छुट्टी पर भेजकर सरकार ने इस एजेंसी की स्वतंत्रता में आख़िरी कील ठोंक दी है। दूसरी ओर, केन्द्र सरकार ने इस कार्रवाई का बचाव किया है। सरकार ने कहा है कि सीबीआई के संस्थागत स्वरूप को बरक़रार रखने के लिए यह कार्रवाई ज़रूरी थी।
ग़ौरतलब है कि सीबीआई के निदेशक आलोक वर्मा और विशेष निदेशक राकेश अस्थाना को सरकार ने लंबी छुट्टी पर भेज दी है। आलोक वर्मा के स्थान पर एजेंसी के संयुक्त निदेशक एम. नागेश्वर राव को बहाल किया गया है।