May a good source be with you.

आम आदमी पार्टी को बड़ी राहत, नहीं रद्द होगी 27 विधायकों की विधायकी

रोगी कल्याण समिति मामले में आम आदमी पार्टी के 27 विधायकों की विधायकी ख़त्म करने की मांग की गई थी।

आम आदमी पार्टी को बड़ी राहत मिली है। राष्ट्रपति ने पार्टी के 27 विधायकों के ख़िलाफ़ रोगी कल्याण समिति मामले में दायर याचिका को ख़ारिज़ कर दी है। कहा जा रहा था कि आम आदमी पार्टी के 27 विधायक रोग कल्याण समिति में अध्यक्ष पद पर बने हुए हैं, जो कि एक लाभ का पद है। इस फ़ैसले के बाद अब आप विधायकों की विधायकी रद्द नहीं की जाएगी।

कानून के एक छात्र विभोर आनंद ने चुनाव आयोग के पास अर्ज़ी दी थी कि आम आदमी पार्टी के 27 विधायक रोगी कल्याण समिति में अध्यक्ष पद पर होने का लाभ उठा रहे हैं। रोगी कल्याण समिति में विधायक केवल सदस्य के तौर पर रह सकते हैं, अध्यक्ष के पद पर नहीं। इसी आधार पर विभोर ने आप विधायकों की सदस्यता रद्द करने की मांग की थी।

न्यूज़18 की ख़बर के मुताबिक शिकायत दर्ज़ होने के बाद यह मामला राष्ट्रपति के पास भेजा गया। राष्ट्रपति द्वारा मामला चुनाव आयोग तक पहुंचाया गया और चुनाव आयोग ने विधायकों को नोटिस भेजा था।

रोगी कल्याण समिति एक एनजीओ के तौर पर काम करती है, जिसमें अस्पताल प्रबंधन से जुड़े काम शामिल होते हैं। इस समिति में इलाके के सांसद, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शामिल होते हैं।

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+